जम्मू-कश्मीर: नशे की हालत में पकड़ा गया व्यक्ति, टीएचसी टेस्ट पॉजिटिव आने पर केस दर्ज
श्रीनगर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के डोगरीपोरा में नशे की हालत में मिले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच के दौरान वह टीएचस पॉजिटिव पाया गया था।
दरअसल, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के अपने प्रयासों के तहत अवंतीपोरा पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो झेलम बांध के किनारे डोगरीपोरा में गश्त के दौरान नशे की हालत में पाया गया था।
पुलिस पोस्ट रेशीपोरा की टीम, जिसका नेतृत्व इंचार्ज एसआई मेहराजुद्दीन कर रहे थे, ने इस व्यक्ति को नशे की हालत में पाया और मेडिकल जांच के लिए पीएचसी पंजगाम ले गई। यूरिन ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट में टीएचसी (टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल) के लिए रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जो भांग में पाया जाने वाला एक साइकोएक्टिव पदार्थ है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इम्तियाज अहमद डार (निवासी: सैयद रहमानिया आस्तान, लाम, निशात) के रूप में हुई है। इसके अनुसार, पुलिस स्टेशन अवंतीपोरा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ अवंतीपोरा पुलिस ने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से निपटने के अपने संकल्प को दोहराती हुए जनता से अपील की कि वे समाज से इस नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के पुलिस के प्रयासों में सहयोग करें।
नशे के अवैध करोबार के खिलाफ पुलिस की ओर से की कार्रवाई का एक दूसरा मामला सोमवार को पंजाब से सामने आया, जहां नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की चंडीगढ़ जोनल यूनिट ने तीन ड्रग तस्करों को दोषी ठहराए जाने में सफलता हासिल की है। इन तस्करों को एक कार के स्पीकर सिस्टम में छिपाकर 3.65 किलोग्राम चरस ले जाते हुए पकड़ा गया था।
पंजाब के रूपनगर में एक विशेष अदालत ने तीनों आरोपियों में से प्रत्येक को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई और हर दोषी पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। दोषियों की पहचान कुलदीप सिंह (उर्फ गोलू) और संजीव कुमार (उर्फ मिठू) और अशोक कुमार के रूप में हुई।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

