जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ भारतीय सेना का जागरुकता अभियान, छात्राओं ने जताया सेना का आभार
अखनूर, 21 मई (आईएएनएस)। भारतीय सेना ने अखनूर के दोरीडागर हायर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सेना के जवानों ने बच्चों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और नशे से दूर रहने की सलाह दी।
सेना की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के बाद छात्रा आनवी शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि भारतीय सेना की ओर से स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सेना की ओर से बताया गया कि ड्रग्स से हमें दूर रहना चाहिए। ड्रग्स की वजह से ऑर्गन डैमेज हो जाते हैं। भारतीय सेना को दिल से शुक्रिया। आनवी ने कहा कि भारतीय सेना सीमा की सुरक्षा के साथ ही समय-समय पर स्कूल में आकर कार्यक्रम करती है।
आनवी ने कहा कि हमारे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 100 दिनों का एक अभियान चलाया है। उनकी ओर से कहा गया है कि 100 दिनों में हमें जम्मू-कश्मीर को नशा मुक्त करना है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर और बाढ़ के दौरान हमारी मदद की थी।
11वीं की छात्रा सोनिया शर्मा ने कहा कि हमारे स्कूल में भारतीय सेना के जवान आए थे, उन्होंने हमें ड्रग्स से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी है। सेना की ओर से बताया गया कि अगर कोई व्यक्ति ड्रग्स लेता है तो उसका परिवार बर्बाद हो जाता है और उसके बॉडी पार्ट्स भी डैमेज हो जाते हैं। उन्होंने हमें बताया कि इस चीज से हमें दूर रहना चाहिए। मैं सेना का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं।
12वीं की छात्रा सोनाक्षी शर्मा ने कहा कि हमारी सेना के अधिकारी स्कूल आए और नशे के खिलाफ हमको जागरूक कर रहे हैं। जब भी कोई मुहीम चलती है तो भारतीय सेना के जवान हर बार अपना कीमती समय निकालकर मोटिवेट करते हैं। मैं भारतीय सेना को धन्यवाद कहती हूं।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

