Samachar Nama
×

नशे के खिलाफ अभियान तेज: जम्मू में हेरोइन बरामद, अवंतीपोरा में नशीले पदार्थ की खेती नष्ट

श्रीनगर/जम्मू, 19 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में नशे और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, अवंतीपोरा में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया और भांग की खेती को नष्ट किया गया।

जम्मू पुलिस के गांधी नगर थाने की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम हेरोइन जैसी प्रतिबंधित नशीली सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 260 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली सामग्री, दो पिस्तौल, दो देसी कट्टे, एक रिवॉल्वर और एक धारदार हथियार (किर्च) बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गूज्जर नगर निवासी आफताब भट, शास्त्री नगर निवासी चंचल सिंह, और कठुआ के कृष्णा कॉलोनी निवासी अनूप सिंह जसरोतिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जम्मू पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी के नेटवर्क और संगठित अपराध को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

दूसरी ओर, नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत अवंतीपोरा के हरिपरीगाम स्थित अबू तुराब पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक, कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों और शिक्षकों से समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील भी की गई।

इसी दौरान ख्रेव थाना क्षेत्र में राजस्व विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाकर भांग की खेती की पहचान की गई और उसे कानून के अनुसार नष्ट कर दिया गया।

पुलिस और जिला प्रशासन ने कहा कि नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags