जम्मू-कश्मीर में अब आतंकवाद नहीं, विकास की बात हो रही है: दिलीप घोष
न्यूटाउन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने जम्मू-कश्मीर की स्थिति और फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला पाकिस्तान से हाथ मिलाते हैं और भारत के खिलाफ काम करने का प्रयास करते हैं, इससे कुछ नहीं होने वाला है और जनता को भाजपा पर पूरा विश्वास है।
जम्मू-कश्मीर पर नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला की टिप्पणी पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अब कोई आतंकवादी नहीं बचा है। यह आतंकवाद से मुक्त हो गया है। वहां के लोग आतंकवाद नहीं चाहते। वहां विकास हो रहा है और केंद्र सरकार इस क्षेत्र को देश के बाकी हिस्सों के साथ जोड़कर इसके विकास के लिए काम कर रही है। वहां के लोग भी खुश हैं। वहां के नेता सिर्फ इस क्षेत्र को अलग रखकर राजनीति करना जानते हैं लेकिन अब इस तरह की राजनीति नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्या कर रहा है, इससे हमको कोई मतलब नहीं होना चाहिए। हम कश्मीर को अपने देश का अभिन्न अंग मानते हैं, इसलिए हम लोगों को उस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। जम्मू-कश्मीर में कैसे विकास हो, इस पर हम लोगों को ध्यान लगाना चाहिए।
फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए दिलीप घोष ने कहा कि वो कभी पाकिस्तान के साथ हाथ मिलाते दिख जाते हैं तो कभी उसके पक्ष में बोलते हुए दिखते हैं। वह केवल पाकिस्तान का डर दिखाने का काम करते हैं। जो परिवर्तन आज हुआ है, वो पहले भी हो सकता था लेकिन उस समय नहीं किया गया। वहां के लोग केवल विकास चाहते हैं जो केवल भाजपा ही कर सकती है, इसलिए लोग भाजपा को पसंद कर रहे हैं।
बता दें कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने उत्तर कश्मीर के बारामूला में एक पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाकर वहां के लोगों की आवाज उठा रहा है और उनकी रक्षा कर रहा है।
अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयान पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि अगर नसीरुद्दीन शाह को ऐसा लगता है, तो उन्हें पहल करनी चाहिए और किसी आंदोलन में शामिल होने की कोशिश करनी चाहिए। उन्हें सभी विपक्षी दलों को एक साथ लाना चाहिए। उन्हें समझना चाहिए कि देश की जनता क्या चाहती है।
दिल्ली के जामिया विश्वविद्यालय मामले पर दिलीप घोष ने कहा कि देश में अभी भी कई स्थानों पर अलगावादी लोग हैं, जो देश को बांटने और गलतफैमी फैलाने का प्रयास करते रहते हैं। अब देश बहुत आगे बढ़ चुका है, इनके करने से कुछ नहीं होने वाला हैं और देश के लोग जागरूक हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

