Samachar Nama
×

जम्मू-कश्मीर: दो लापता एसपीओ के शव बरामद होने पर एलओपी सुनील शर्मा बोले- 'यह दुर्भाग्यपूर्ण, सरकार उठाएगी सख्त कदम'

जम्मू-कश्मीर: दो लापता एसपीओ के शव बरामद होने पर एलओपी सुनील शर्मा बोले- 'यह दुर्भाग्यपूर्ण, सरकार उठाएगी सख्त कदम'
जम्मू-कश्मीर: दो लापता एसपीओ के शव बरामद होने पर एलओपी सुनील शर्मा बोले- 'यह दुर्भाग्यपूर्ण, सरकार उठाएगी सख्त कदम'

किश्तवाड़, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता और पैडर-नागसेनी से भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) के कथित अपहरण और हत्या की कड़ी निंदा की है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ये दोनों एसपीओ ढेरना से कियार की ओर जा रहे थे, तभी कथित तौर पर आतंकवादियों ने उनका अपहरण किया और बाद में उनकी हत्या कर दी। कई घंटों के तलाशी अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए गए हैं।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार आतंकवाद और ऐसी जघन्य घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सुनील शर्मा ने कहा, "बुधवार से सोशल मीडिया पर दो एसपीओ के बारे में खबरें चल रही हैं, जो ढेरना गांव से कयाद जा रहे थे और रास्ते में ही कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया गया। रशपाल और भविचन नाम के ये दोनों व्यक्ति कयाद की ओर जा रहे थे, तभी वे लापता हो गए। एक अपुष्ट खबर यह भी है कि एक शव मिला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"

उन्होंने कहा कि अतीत में कयाद नाला में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। एक बार तो एक ही दिन में वीडीसी के आठ सदस्य मारे गए थे। आज की घटना बहुत ही दुखद है, और इस स्थिति की गंभीरता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

सुनील शर्मा ने बताया कि वे अन्य विधायकों के साथ घटनास्थल पर जाएंगे। जमीनी स्तर पर क्या हालात हैं, इसकी जानकारी लेंगे। आगे सुरक्षा के संबंध में क्या कदम उठाए जाएं, उसके लिए भी हम केंद्रीय गृह मंत्री और जम्मू-कश्मीर सरकार से अनुरोध करेंगे।

किश्तवाड़ में आतंकियों की कथित तौर पर वापसी से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा, "आतंकवादियों की वापसी नहीं के बराबर है। क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ हमारी एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं। बीच में एक ग्रुप आया था, जो इसी साल जनवरी-फरवरी के महीने में मार दिए गए। अभी जो बचे हैं, वो यहीं के आतंकवादी हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वही आतंकी संगठन है, जो कई सालों से अभी तक यहां पर टिका हुआ है। मैं यह स्पष्ट तौर पर नहीं कर सकता हूं कि इस घटना के पीछे वही संगठन है।"

सुनील शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर में शांति, सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story