Samachar Nama
×

जम्मू-कश्मीर : डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने सुंदरबनी में पुल और सड़क कार्यों का लिया जायजा

जम्मू-कश्मीर : डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने सुंदरबनी में पुल और सड़क कार्यों का लिया जायजा
जम्मू-कश्मीर : डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने सुंदरबनी में पुल और सड़क कार्यों का लिया जायजा

श्रीनगर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने सुंदरबनी में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने दी।

सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया कि उन्होंने सुंदरबनी में एमआरएल21-बजोरा से भलवाल वाया पुनाखटेर रोड पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने काम में गुणवत्ता, समय पर पूरा करने और जनता के लाभ के लिए तेजी से काम करने पर जोर दिया।

यह पुल 51.40 मीटर लंबा है और इसका निर्माण सुंदरबनी ब्लॉक, जिला राजौरी में एमआरएल21-बजोरा से भलवाल वाया पुनाखटेर रोड पर किलोमीटर 3.275 से 3.325 के बीच हो रहा है। इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने किया।

यह प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण के तहत बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण का मुख्य उद्देश्य 1,25,000 किलोमीटर लंबी मौजूदा ग्रामीण सड़कों को अपग्रेड और मजबूत करना है, ताकि बस्तियों को प्रमुख सामाजिक-आर्थिक केंद्रों से जोड़ा जा सके।

एक अन्य 'एक्स' पोस्ट में उप मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि उन्होंने सुंदरबनी में एल041-लिंक रोड एल031, 6वें किलोमीटर से घैप्न्यास तक सड़क के निर्माण और रखरखाव की आधारशिला रखी।

उन्होंने कहा कि यह बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और विकास की दिशा में एक और कदम है। दोनों ही प्रोजेक्ट राजौरी जिले के सुंदरबनी ब्लॉक में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए अहम माने जा रहे हैं।

सुरिंदर कुमार चौधरी एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं, जो वर्तमान में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में जम्मू और कश्मीर के उप मुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। सुरिंदर चौधरी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी से की थी। इसके बाद वे महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हुए और विधान परिषद के सदस्य रहे।

बाद में वे कुछ समय के लिए भाजपा में भी रहे और 2022 में पीडीपी छोड़कर नेशनल कॉन्फ्रेंस में शामिल हो गए।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

Share this story