Samachar Nama
×

जम्मू-कश्मीर: बडगाम में 100 दिवसीय 'नशा मुक्त अभियान' की शुरुआत, सामूहिक प्रयासों पर जोर

बडगाम, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए केंद्र शासित प्रदेश-व्यापी 100 दिवसीय गहन 'नशा मुक्त अभियान' के तहत शनिवार को बडगाम जिला प्रशासन ने इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
जम्मू-कश्मीर: बडगाम में 100 दिवसीय 'नशा मुक्त अभियान' की शुरुआत, सामूहिक प्रयासों पर जोर

बडगाम, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा शुरू किए गए केंद्र शासित प्रदेश-व्यापी 100 दिवसीय गहन 'नशा मुक्त अभियान' के तहत शनिवार को बडगाम जिला प्रशासन ने इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस पहल का उद्देश्य नशे की बढ़ती समस्या को जड़ से खत्म कर एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

जिले में इस अभियान का उद्घाटन उपायुक्त अथर आमिर खान और एसएसपी हरिप्रसाद केके ने संयुक्त रूप से ड्रग डी-एडिक्शन सेंटर बडगाम में किया। इस कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग, जिला सूचना केंद्र, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग के सहयोग से किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त अथर आमिर खान ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए एकजुट और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रोकथाम, सख्त कानून प्रवर्तन, उपचार और पुनर्वास जैसे सभी पहलुओं को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि नशे की लत समाज के ताने-बाने के लिए गंभीर खतरा है, जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव युवाओं पर पड़ता है। उपायुक्त ने अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समुदाय के नेताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने शुरुआती हस्तक्षेप, नियमित काउंसलिंग और सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर विशेष बल दिया, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाया जा सके।

प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान के तहत जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। जहां एक ओर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत कर बेहतर नशामुक्ति सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने ड्रग डी-एडिक्शन सेंटर का निरीक्षण भी किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं, उपचार प्रणाली और पुनर्वास सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टाफ से बातचीत करते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, पेशेवर काउंसलिंग और निरंतर फॉलो-अप की आवश्यकता पर जोर दिया।

एसएसपी हरिप्रसाद केके ने भी अपने संबोधन में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है और समाज की भागीदारी इस लड़ाई में बेहद अहम है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे नशा कारोबारियों की पहचान कर पुलिस का सहयोग करें।

इसके बाद उपायुक्त और एसएसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल बडगाम में पौधारोपण अभियान का नेतृत्व किया। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण, बल्कि एक स्वस्थ और नशामुक्त भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। छात्रों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया और उन्हें समाज में बदलाव के दूत बनने के लिए प्रेरित किया।

100 दिवसीय इस गहन अभियान की शुरुआत बडगाम में नशे के खिलाफ एक संगठित और मिशन मोड प्रयास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो जिले के लोगों के लिए एक सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में एडीसी बडगाम, संयुक्त निदेशक योजना, मुख्य शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एसीडी, बीडीओ बडगाम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags