Samachar Nama
×

जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश से पुंछ में तबाही; पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ से हाहाकार, दो की मौत

जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश से पुंछ में तबाही; पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ से हाहाकार, दो की मौत
जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश से पुंछ में तबाही; पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ से हाहाकार, दो की मौत

पुंछ, 19 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर भारी बारिश हो रही है, जिससे कई जिलों में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। पुंछ जिले में भारी बारिश से तबाही मच गई है।

पुंछ जिले में पुलस्त्य नदी में आई बाढ़ में दो दुकानें, आटा चक्की और गाड़ियों का सर्विस स्टेशन बहने से कई वाहन बह गए। सुरनकोट तहसील के संगलेयानी गांव में एक मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग मकान में फंस गए हैं। नूना बांडी गांव में एक मकान गिरने से महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए हैं। भारी बारिश से भूस्खलन के चलते जिले के अधिकतर सड़क मार्ग बंद हो गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "मैंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित राजौरी और पुंछ के हालात का जायजा लिया। राजौरी में सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।"

उपराज्यपाल ने आगे लिखा, "प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं और वे तुरंत राहत और मरम्मत के काम को प्राथमिकता दे रहे हैं। मैं निवासियों से शांत रहने और आधिकारिक अपडेट का पालन करने का आग्रह करता हूं। राजौरी और पुंछ के हवेली और सुरनकोट इलाकों में हुई जान-माल की हानि से मुझे गहरा दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।"

मनोज सिन्हा ने लिखा, "भारी बारिश से राजौरी और पुंछ में कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मैंने अधिकारियों को दोनों जिलों में सभी प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहें।"

--आईएएनएस

एसडी/एएस

Share this story

Tags