Samachar Nama
×

जम्मू कश्मीर: बनिहाल के सुलाई शहद को 'मन की बात' से मिली पहचान, मधुमक्खी पालकों को मिला फायदा

जम्मू कश्मीर: बनिहाल के सुलाई शहद को 'मन की बात' से मिली पहचान, मधुमक्खी पालकों को मिला फायदा
जम्मू कश्मीर: बनिहाल के सुलाई शहद को 'मन की बात' से मिली पहचान, मधुमक्खी पालकों को मिला फायदा

रामबन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में उत्पादित बनिहाल सुलाई शहद को देशभर में पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में इसका उल्लेख किए जाने के बाद इस शहद की मांग और पहचान दोनों में काफी बढ़ोतरी हुई है।

इस पहचान से स्थानीय मधुमक्खी पालकों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। बनिहाल के प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने लगभग 2 से 2.5 क्विंटल सुलाई शहद बेचा। इससे एक ही दिन में करीब 1.60 लाख रुपए की बिक्री हुई।

रामबन जिले के नोडल अधिकारी अयाज रिशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 'मन की बात' में सुलाई शहद का जिक्र होने से स्थानीय शहद उद्योग को बड़ी पहचान और प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि एक केंद्रीय मंत्रालय ने 100 किलोग्राम सुलाई शहद का ऑर्डर दिया था, जिसे बाद में बनिहाल में तैयार कर दिल्ली भेजा गया।

इस बीच, संगलाब वैली के अध्यक्ष फारूक अहमद वानी ने भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रामबन के विशेष शहद को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलने से स्थानीय मधुमक्खी पालकों और इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को काफी लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मन की बात कार्यक्रम में सुलाई शहद का जिक्र किया, तब से हमें अच्छे ऑर्डर मिलने लगे। हमें लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं और हम उसे भेज रहे हैं।

फारिक अहमद वानी संगलाब वैली के अध्यक्ष ने कहा कि हम दिल्ली में 45वें इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में गए थे, जहां से हमसे कई लोगों की मुलाकात हुई और उनसे हमें बड़े पैमाने पर ऑर्डर और सहयोग मिला। हमें भरोसा दिया गया है कि आने वाले समय में हमें और अच्छा बाजार मिलेगा। वानी ने कृषि और बागवानी विभागों से इस क्षेत्र को और अधिक सहायता एवं प्रोत्साहन देने की अपील की, ताकि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय लोग इस बढ़ते हुए व्यवसाय का लाभ उठा सकें।

सुलाई एक जंगली औषधीय पौधा है और इसके फूलों से तैयार होने वाला शहद अपनी विशेष गुणवत्ता और पारंपरिक स्वास्थ्य लाभों के लिए जाना जाता है। प्रधानमंत्री द्वारा सलई शहद को उपहार के रूप में दिए जाने से भी इसकी अलग पहचान और लोकप्रियता बढ़ी है।

सुलाई शहद की बढ़ती मांग से बनिहाल और रामबन जिले के अन्य क्षेत्रों के मधुमक्खी पालकों के लिए बेहतर आर्थिक अवसरों की उम्मीद जगी है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags