जम्मू-कश्मीर: आतंकी नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रियासी में पांच आतंकी हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त
रियासी, 25 नवंबर (आईएएनएस)। आतंकवाद को आर्थिक मदद देने वाले ढांचे के खिलाफ रियासी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पाकिस्तान स्थित पांच आतंकी हैंडलर्स की लगभग 29 कनाल अचल संपत्ति को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन महोर में दर्ज एफआईआर के तहत की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) सहित कई और धाराएं लगाई गई हैं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, "डीजीपी नलिन प्रभात ने रियासी के पांच कुख्यात आतंकवादियों की लगभग 29 कनाल जमीन को कुर्क करने का आदेश दिया है; ये आतंकवादी पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहे हैं।"
मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम, बशीर अहमद उर्फ मासूम, शौकत अली, मंजूर अहमद और इम्तियाज अहमद के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संपत्तियों की पहचान और पुष्टि रियासी पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर की है। जांच और जरूरी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद 'गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967' (यूएपीए) के संबंधित प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए डीजीपी से मंजूरी ली गई।
जांच से पता चला है कि पांचों शख्स आतंकवादी प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे। वे अभी सीमा पार से 'टेरर हैंडलर' के तौर पर काम कर रहे हैं और इस क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को निर्देशित करने, उनमें मदद करने और उनका समन्वय करने में शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि इन संपत्तियों को आगे किसी और को बेचा या हस्तांतरित किया जा सकता था और इससे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें जारी रखने के लिए किया जा सकता था। पुलिस पूरे जिले में शांति, सुरक्षा और जन-सुरक्षा बनाए रखने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

