Samachar Nama
×

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जम्मू दौरे पर पासपोर्ट सेवाओं में देरी पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान पासपोर्ट सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोमवार को बताया कि जम्मू में विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति की एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) और पासपोर्ट सेवा केंद्रों के कामकाज की समीक्षा की गई।

शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके बैठक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, "बैठक के दौरान पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया में हो रही देरी, पुलिस वेरिफिकेशन में लगने वाले समय और अन्य प्रशासनिक बाधाओं पर अधिकारियों से तीखे सवाल पूछे गए। इस बैठक में पासपोर्ट विभाग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ पुलिस, सीआईडी और डाक विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। कई मामलों में अनावश्यक देरी की शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें गंभीरता से उठाया गया और अधिकारियों ने सुधार का आश्वासन दिया है।"

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया, "संसदीय समिति ने जम्मू स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और पासपोर्ट सेवा केंद्र का दौरा किया। प्रारंभिक निरीक्षण में इन संस्थानों का कामकाज संतोषजनक और व्यवस्थित प्रतीत हुआ, लेकिन सुधार की गुंजाइश को भी स्वीकार किया गया है।"

जम्मू दौरे के दौरान थरूर और समिति के अन्य सदस्यों का पारंपरिक लोक नर्तकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने एक दिलचस्प अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे उस फार्मेसी को देखने भी गए, जो लगभग 20 वर्षों तक एक क्लिनिक के रूप में कार्यरत रही थी, जहां प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह अपने राजनीतिक जीवन से पहले चिकित्सा प्रैक्टिस किया करते थे। थरूर ने इसे इस बात का प्रतीक बताया कि अधिकांश सांसदों का राजनीति से पहले और बाद में भी एक सामान्य जीवन होता है।

इससे पहले, श्रीनगर में आयोजित नालंदा डायलॉग में भी थरूर ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में उन्हें वरिष्ठ नेता करन सिंह के साथ समापन भाषण देने का अवसर मिला, जो उनके लिए सम्मान की बात थी। कार्यक्रम का समापन कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले भव्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ हुआ।

थरूर ने डॉ. करण सिंह के साथ अपनी मुलाकात को भी यादगार बताया। उन्होंने उन्हें अपना पुराना मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक बताया, जिनकी कश्मीर के इतिहास और भारतीय संस्कृति पर गहरी पकड़ है। उन्होंने कहा कि करण सिंह के साथ धर्म और दर्शन पर चर्चा करना हमेशा प्रेरणादायक होता है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags