'जल्द वापसी करेंगे', बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बढ़ाया टीम इंडिया का आत्मविश्वास
नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के लिए प्लेइंग इलेवन की राह मुश्किल हो गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि भारतीय टीम इस हार से उबरेगी और जल्द वापसी करेगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सैकिया ने लिखा, "कल शाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हार गए, लेकिन जल्द वापसी करेंगे।"
बीसीसीआई सचिव के इस पोस्ट से निश्चित रूप से भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
भारतीय टीम को सुपर-8 में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो और मैच खेलने हैं। टीम इंडिया को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है, तो किसी भी कीमत पर इन दोनों मैचों में बड़ी जीत हासिल करनी होगी। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत हासिल करना इतना आसान भी नहीं है। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें अजेय रही हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच की बात करें, तो इस टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए थे। भारतीय टीम 111 रन पर सिमट गई और 76 रन से मैच हार गई। भारतीय टीम की टी20 विश्व कप में यह रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है।
अगले दो मैचों में भारतीय टीम को जीत दर्ज करनी है, तो प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव करने होंगे। अभिषेक शर्मा या तिलक वर्मा में किसी एक की जगह संजू सैमसन को टीम में वापस लाना होगा। अभिषेक शर्मा आउट ऑफ फॉर्म हैं। लगातार तीन शून्य के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 15 रन बनाए थे। वहीं तिलक वर्मा भी पिछले 4 मैचों में बड़ी पारी नहीं खेले हैं और बल्लेबाजी के दौरान संघर्ष करते हुए दिखेंगे। अभिषेक को अगले मैचों में बाहर बैठना पड़ सकता है।
--आईएएनएस
पीएके

