Samachar Nama
×

जल्द ही नेहरू को पीछे छोड़ देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले पीएम बनेंगे मोदी: स्वतंत्र देव सिंह

गोरखपुर, 4 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल वंशवाद की राजनीति कर रहा है।
जल्द ही नेहरू को पीछे छोड़ देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले पीएम बनेंगे मोदी: स्वतंत्र देव सिंह

गोरखपुर, 4 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल वंशवाद की राजनीति कर रहा है।

उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार 12 वर्ष पूरा कर रही है और जल्द ही पीएम मोदी पंडित जवाहरलाल नेहरू को भी पीछे छोड़कर देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे।

मीडिया से बातचीत में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार सेवा और तपस्या की भावना से काम कर रही है। सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद शामिल होंगे।

मंत्री ने बताया कि 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन है। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सांसदों और विधायकों के नेतृत्व में विभिन्न वर्गों के प्रतिष्ठित लोगों से संपर्क कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अब वैचारिक राजनीतिक दल नहीं रह गए हैं। इन दलों की कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं बची है और ये केवल तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में वंशवाद आधारित राजनीति कमजोर हो रही है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर जनता का विश्वास जीत रही है।

मंत्री ने यह भी बताया कि 11 जून से 14 जून तक पार्टी की ओर से मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा।

स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि भाजपा सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों को मिला है, यही इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। यह बैठक और मंत्री के आक्रामक बयान ऐसे समय में आए हैं जब भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनसमर्थन बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी

Share this story

Tags