Samachar Nama
×

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी को यूपी एटीएस ने दबोचा, मदरसे की आड़ में चंदा जुटाकर भेजता था पाकिस्तान

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी को यूपी एटीएस ने दबोचा, मदरसे की आड़ में चंदा जुटाकर भेजता था पाकिस्तान
जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी को यूपी एटीएस ने दबोचा, मदरसे की आड़ में चंदा जुटाकर भेजता था पाकिस्तान

लखनऊ, 17 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े 24 वर्षीय युवक मोहम्मद जफर उर्फ मोहम्मद जहीर को गिरफ्तार किया है।

एटीएस के अनुसार, आरोपी मदरसे की आड़ में चंदा जुटाकर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन को भेजने, सोशल मीडिया पर जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर की भड़काऊ और जिहादी तकरीरों को साझा करने तथा लोगों को हिंसक जिहाद के लिए प्रेरित करने में संलिप्त था।

एटीएस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला है और पूर्व में मेरठ में एक मदरसे में पढ़ाई कर चुका है। सोशल मीडिया गतिविधियों के विश्लेषण में उसके द्वारा मसूद अजहर की कथित भड़काऊ और जिहादी तकरीरों को साझा किए जाने की जानकारी सामने आई।

जांच एजेंसी के अनुसार, पूछताछ में जफर ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उसने जैश-ए-मोहम्मद के बारे में पढ़ा और जिहाद तथा मुजाहिदों की शहादत से जुड़ी सामग्री से प्रभावित हुआ। इसके बाद वह मसूद अजहर के प्रभाव में आकर मुजाहिद बनने की इच्छा रखने लगा। एटीएस को उसके मोबाइल फोन से पाकिस्तान के कई जिहादी व्हाट्सऐप समूह मिले, जिनमें जिहाद और चंदे से संबंधित बातचीत मौजूद थी।

एटीएस का दावा है कि आरोपी फेसबुक के जरिए चेहरा ढककर जिहाद और खिलाफत से संबंधित बयान देता था। इसके अलावा वह जैश-ए-मोहम्मद के जिहादी समूहों से जुड़कर पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में आया और अपनी तरफ से जिहाद में मदद करने का प्रस्ताव दिया।

पूछताछ के अनुसार, पाकिस्तानी हैंडलर ने आरोपी को पाकिस्तान जाने के लिए कथित तौर पर तैयारी करने को कहा। जफर ने पैसे भेजने का प्रयास किया, लेकिन यह सफल नहीं हुआ। इसके बाद उसने हैंडलर से बाइनेंस अकाउंट मांगा और अन्य पाकिस्तानी संदिग्धों से संपर्क कर बाइनेंस के जरिए यूएसडीटी के रूप में कई बार रकम भेजी।

एटीएस के अनुसार, पूछताछ में जफर ने अपने अपराध स्वीकार किए हैं। यूपी एटीएस ने मोहम्मद जफर को 16 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 13/2026 के तहत बीएनएस की धारा 152, 61(2) तथा यूएपी अधिनियम-1967 की धाराओं 18/38 में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जफर उर्फ मोहम्मद जहीर, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम मीरगंज, थाना रलट, जनपद पूर्णिया, बिहार।

--आईएएनएस

विकेटी/एसके

Share this story

Tags