Samachar Nama
×

जैसे 'जन गण मन' के लिए कानून है, वैसे ही 'वंदे मातरम' के लिए भी हो: सौगत रॉय

जैसे 'जन गण मन' के लिए कानून है, वैसे ही 'वंदे मातरम' के लिए भी हो: सौगत रॉय
जैसे 'जन गण मन' के लिए कानून है, वैसे ही 'वंदे मातरम' के लिए भी हो: सौगत रॉय

कोलकाता, 17 जुलाई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने गुरुवार को वंदे मातरम, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे, कोलकाता एयरपोर्ट परिसर की पुरानी मस्जिद में नमाज अदा करने पर रोक के विवाद और पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान और संरक्षण के लिए भी उसी तरह का कानूनी प्रावधान होना चाहिए, जैसा राष्ट्रगान 'जन गण मन' के लिए है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में सौगत रॉय ने कहा कि वंदे मातरम का किसी भी तरह से अपमान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके प्रति लोगों में सम्मान और जागरूकता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 'जन गण मन' के सम्मान के लिए कानून है, उसी प्रकार वंदे मातरम के सम्मान की रक्षा के लिए भी कानूनी व्यवस्था होनी चाहिए।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे पर रॉय ने कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि अमित शाह पहले भी कई बार राज्य का दौरा कर चुके हैं और लंबे समय तक यहां ठहरे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बार भी वे आएं, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें और राज्य की कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करें। उन्होंने 'गुंडा एक्ट' का भी उल्लेख किया।

कोलकाता एयरपोर्ट परिसर स्थित 136 वर्ष पुरानी मस्जिद में नमाज अदा करने पर रोक लगाए जाने के मुद्दे पर रॉय ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि वह नमाज अदा करने वालों के समर्थन में हैं। उनका कहना था कि जिस स्थान पर लंबे समय से नमाज अदा की जा रही थी, वहां अचानक रोक लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में लोगों को विरोध करने का अधिकार है।

मस्जिद विवाद पर भाजपा नेता समीक भट्टाचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रॉय ने कहा कि उनकी टिप्पणियों का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि समीक भट्टाचार्य का एयरपोर्ट क्षेत्र से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है और वे वहां केवल एक बार चुनाव लड़ चुके हैं।

टीएमसी की राज्यसभा सांसद रुक्मिणी 'कोयल' मल्लिक के इस्तीफे के संबंध में रॉय ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि जो भी पार्टी छोड़ना चाहता है, वह ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने आशंका जताई कि यह भाजपा के कथित 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि रुक्मिणी मल्लिक की केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की बात सामने आई है, जिसे उन्होंने अन्य दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल कराने की रणनीति से जोड़ा।

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार द्वारा ममता बनर्जी को अपनी रैली में आमंत्रित किए जाने के सवाल पर रॉय ने कहा कि शुभंकर सरकार केवल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं, जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी राज्य में भाजपा विरोधी गठबंधन की प्रमुख नेता हैं, इसलिए उनके किसी कार्यक्रम में शामिल होने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने शुभंकर सरकार को अपनी रैली सफलतापूर्वक आयोजित करने की शुभकामनाएं दीं।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story