Samachar Nama
×

जयपुर: नीट पीजी परीक्षा में पावर फेल पर एनबीईएमएस अध्यक्ष ने जताया खेद, बोले- 2445 उम्मीदवार हुए प्रभावित

जयपुर: नीट पीजी परीक्षा में पावर फेल पर एनबीईएमएस अध्यक्ष ने जताया खेद, बोले- 2445 उम्मीदवार हुए प्रभावित
जयपुर: नीट पीजी परीक्षा में पावर फेल पर एनबीईएमएस अध्यक्ष ने जताया खेद, बोले- 2445 उम्मीदवार हुए प्रभावित

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने जयपुर में हुए बवाल के बाद आईओएन डिजिटल जोन (सीतापुरा) केंद्र पर नीट पीजी 2026 की परीक्षा को स्थगित कर दिया। अब 5 सितंबर को जयपुर में दोबारा एग्जाम होगा। इसे लेकर एनबीईएमएस के अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ ने खेद जताया। उन्होंने कहा कि कुल 2,63,535 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक परीक्षा पूरी की।

एनबीईएमएस के अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ ने कहा, "मुझे आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि जयपुर के सीतापुरा में एक सेंटर पर यह घटना हुई, जहां इंटरनल पावर फेलियर के कारण 2,445 उम्मीदवार अपना एग्जाम पूरा नहीं कर पाए। यह खास तौर पर एक रेगुलर टीसीएस सेंटर था, जहां नियमित परीक्षाएं होती हैं।"

उन्होंने कहा कि मैं आपको यह भी बताना चाहता हूं कि कल इसी सेंटर पर ठीक उसी कंप्यूटर लोड पर एक मॉक टेस्ट किया गया था, जो सफल रहा। हालांकि, कारण जो भी हो, आज इंटरनल पावर फेलियर के कारण कैंडिडेट अपना एग्जाम पूरा नहीं कर पाए।

डॉ. अभिजात सेठ ने आगे कहा, "आज नीट पीजी परीक्षा हुई, जिसमें 339 शहरों और 1,111 केंद्रों पर 2,65,980 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। कुल मिलाकर 2,63,535 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक परीक्षा पूरी की। परीक्षा के दौरान हैकिंग, साइबर चिंताएं, नकल या कोई और गंभीर समस्या सामने नहीं आई। 2.63 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने बिना किसी रुकावट के आसानी से परीक्षा पूरी की।"

नीट पीजी परीक्षा में गड़बड़ी के मुद्दे पर फाइनेंस कमीशन के चेयरमैन अरुण चतुर्वेदी ने कहा, "कुछ तकनीकी दिक्कत थी। ऐसे मामले सामने आने के तुरंत बाद एक्शन लेने और फैसले लेने के लिए सरकार को धन्यवाद देना चाहिए। यह अच्छी बात है। जयपुर डिवीजन को लेकर बातचीत चल रही है। कल अलवर के दो जिलों पर बातचीत हुई थी, और आज एक-एक जिले को बातचीत के लिए बुलाया जा रहा है। आज शाम तक जयपुर और पूरे जयपुर डिवीजन के सभी उम्मीदवारों पर बातचीत हो जाएगी। कोई रुकावट नहीं है। पार्टी बस सर्वे के नतीजों को स्टडी कर रही है और बातचीत और सलाह-मशविरा कर रही है।"

एक स्टूडेंट ने बताया, "समस्या यह थी कि जब हम सुबह एग्जाम हॉल में घुसे और बैठे तो सर्वर क्रैश होने की वजह से कंप्यूटर बार-बार बंद हो रहे थे। ऐसा करीब सात या आठ बार हुआ। ऐसे में 25-30 प्रश्न बाहर आ गए, बच्चों ने इकट्ठा होकर सवालों पर चर्चा भी की। फिर इन लोगों ने आश्वासन दिया कि बाहर मत जाइए, यहीं पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।"

एक अन्य छात्रा ने कहा कि हमें अलग-अलग जगहों पर स्कैन किया जा रहा था और अच्छी तरह से चेक किया जा रहा था, इसलिए ऐसा लगा कि सुरक्षा के इंतजाम बहुत कड़े हैं और एग्जाम सही तरीके से होगा। अंदर जाने के बाद पहली दिक्कत यह हुई कि हमारा रजिस्ट्रेशन ही ठीक से नहीं हो रहा था। 9 बजे परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन साढ़े 10 बज चुके थे। इसके बाद इतनी बार कंप्यूटर बंद हुआ है। मेरा कंप्यूटर 15 बार बंद हुआ। इस दौरान दो बार लॉगिन भी हुआ। एक उम्मीदवार ने अगर 10 सवाल भी लीक किए हैं तो 40 सवाल गए हमारे।

एक छात्रा का कहना है, "मैं चाहती हूं कि नीट-पीजी परीक्षा ऑल-इंडिया लेवल पर दोबारा हो। अगर नीट पीजी परीक्षा में पारदर्शिता नहीं होगी तो हम भारत के हेल्थकेयर सिस्टम में सुधार की उम्मीद नहीं कर सकते।"

जयपुर के सीतापुरा स्थित आईऑन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित नीट पीजी 2026 परीक्षा के दौरान बिजली सप्लाई बाधित होने से अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा के बीच बिजली गुल होने से नाराज अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया और सेंटर प्रशासन से बिजली व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा। अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा प्रभावित होने की आपत्ति भी दर्ज कराई गई।

मामला बढ़ने के बाद प्रशासन ने प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है। एडीएम सिटी के अनुसार, सीतापुरा स्थित इसी परीक्षा केंद्र पर प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे फिर से आयोजित की जाएगी। इसके लिए संबंधित अभ्यर्थियों को नए री-एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से केंद्र अधीक्षक से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है और मामले की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जा रही है।

देशभर में रविवार को नीट पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के लिए कुल 2 लाख 72 हजार 183 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जयपुर में परीक्षा के लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए थे।

--आईएएनएस

केके/डीकेपी

Share this story