Samachar Nama
×

जयपुर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस पर लगाया सरदार पटेल के अपमान का आरोप

जयपुर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस पर लगाया सरदार पटेल के अपमान का आरोप
जयपुर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, प्रहलाद जोशी ने कांग्रेस पर लगाया सरदार पटेल के अपमान का आरोप

जयपुर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत रत्न और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को देशभर में 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी समेत कई बड़े नेता और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया और पिछली कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकजुट करने के लिए अतुलनीय परिश्रम किया लेकिन उनके योगदान को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।

प्रहलाद जोशी ने कहा, "सरदार पटेल ने देश के लिए इतनी बड़ी व्यवस्था खड़ी की, इतना बड़ा परिश्रम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले देश ने उन्हें कितना याद रखा? उनके परिश्रम की गाथा से देश को, देश के युवाओं को प्रेरणा देने का काम होना चाहिए था लेकिन पिछली कांग्रेस सरकारों ने ऐसा नहीं किया बल्कि उन्हें भुलाने और उनके स्मरण को मिटाने की कोशिश की गई।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के 'एक भारत' के सपने को 'श्रेष्ठ भारत' बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा, "जिस व्यक्ति ने देश के लिए इतना बड़ा काम किया, उसे जो सम्मान देना चाहिए था, वह नहीं दिया गया। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, संजय गांधी के नाम पर 400 से ज्यादा योजनाएं चलाई गईं लेकिन सरदार पटेल के नाम पर कुछ नहीं किया गया। उनका अपमान किया गया। आज उसी व्यक्ति का दुनिया का सबसे बड़ा स्टैच्यू, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, गुजरात में स्थापित है। हम सभी को वहां जाकर उसे देखना चाहिए, उससे बहुत प्रेरणा मिलती है।"

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करने के लिए यहां एकत्रित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा, "आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे प्रसन्नता हो रही है, क्योंकि आज हम भारत की एकता के महान शिल्पी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी को उनकी जयंती पर नमन करने के लिए यहां एकत्रित हुए हैं।"

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति संकल्प के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में इस दौड़ में हिस्सा लेने का आह्वान किया था।

भजनलाल शर्मा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में इस दौड़ में शामिल होने के लिए कहा था और आज इतनी बड़ी संख्या में आपकी उपस्थिति निश्चित रूप से यह दिखाती है कि आपकी ऊर्जा, आपका उत्साह और राष्ट्र के प्रति आपका समर्पण भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।"

सीएम ने कहा, "हमारी भाषा अलग हो सकती है, हमारी परंपरा अलग हो सकती है, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। एक भारत की उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के सम्मान में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित कर उनके विराट व्यक्तित्व और योगदान को दुनिया तक पहुंचाया है। राष्ट्र प्रथम के मूल्यों को अपनाने और उसका संदेश फैलाने की जरूरत है।"

इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सरदार पटेल के कार्य और देश के प्रति उनकी सोच आज के युवाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश के लिए जो किया, उसकी झलक आज की राष्ट्रीय एकता दौड़ में भी देखने को मिली। युवाओं का जोश बताता है कि वे सरदार पटेल के विचारों से प्रेरित हैं।

वहीं, राजस्थान सरकार के मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार पटेल की जयंती का यह अवसर हमें उनके योगदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा, "सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया था और आज वही एकता हमें हर जगह दिखाई देती है। यही कारण है कि देश के तमाम नौजवान आज सरदार पटेल को याद करते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story