जयपुर की महिलाओं का उत्साह, कहा- पीएम मोदी की वजह से आधी आबादी को हक मिलेगा
जयपुर, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर जयपुर की महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने जा रहा है, जिससे आधी आबादी को उनका हक मिलेगा और देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति राठौर ने कहा कि भारतीय इतिहास में महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण देना किसी कल्पना से परे था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इसे साकार कर रहे हैं। इससे महिलाओं में नेतृत्व की भावना जगेगी। महिलाएं घर चलाती हैं, तो देश चलाने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं आएगी। आधी आबादी को उनका हक मिलने जा रहा है। हमारी युवा बेटियां राजनीति में आएंगी और नीति निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगी।
सौम्या गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। वे जानते हैं कि महिलाएं बचत और हुनर से बेहतर परिणाम देती हैं। विकसित भारत की यात्रा में उन्होंने महिलाओं को महत्वपूर्ण भागीदारी सौंपी है।
डॉ. अनुपमा सोनी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल प्रधानमंत्री मोदी इसलिए लाए हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि महिलाओं का आत्मविश्वास देश को कभी कमजोर नहीं होने देगा। 'विकसित भारत' की कल्पना महिलाओं के बिना अधूरी है। 70 सालों से यह जरूरत महसूस हो रही थी। लेकिन किसी पार्टी द्वारा इस जरूरत को पूरा नहीं किया गया। अब पीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को हक मिलने जा रहा है। अब आधी आबादी को संसद तक प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे महिलाओं की आवाज मजबूती से सामने आएगी। केंद्र सरकार ने महिलाओं को नई दिशा दी है, अब दशा बदलने की बारी है।
एक अन्य महिला ने कहा कि महिलाएं अब संसद में दूसरी महिलाओं की आवाज बनेंगी। यह हमारे भविष्य के लिए बहुत अच्छा कदम है। पहले लोग केवल बातें करते थे, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार काम करने में विश्वास रखती है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में यह शानदार पहल है। महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और उन्हें सम्मान मिल रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

