Jaipur Crime: आमेर में गाइड की हत्या के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस ने बंद कराए महल के सभी रास्ते
जयपुर के आमेर में सोमवार को जीप चालक और गाइड के बीच हुए विवाद के बाद चाकू से हमला किए जाने के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। हमले में घायल गाइड मनीष सोनी की सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मनीष की मौत की खबर आमेर कस्बे में फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया और देखते ही देखते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
दुकानें बंद, पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित
मनीष की मौत से नाराज लोगों ने आमेर कस्बे में कई दुकानें बंद करवा दीं। इसके अलावा आमेर महल में होने वाली हाथी सवारी और पर्यटकों की आवाजाही भी रोक दी गई।
आक्रोशित लोगों ने आमेर महल की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते को भी बंद कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम का असर आमेर के पर्यटन कारोबार पर पड़ा। मौके पर पहुंचे पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कहासुनी के बाद चाकू से किया गया हमला
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को आमेर के मावठा सरोवर क्षेत्र में जीप चालक और गाइड मनीष सोनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मनीष पर चाकू से हमला कर दिया गया।
हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के चलते मनीष की जान नहीं बच सकी।
गाइड की मौत के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
भारी पुलिस बल तैनात, स्कूल भी बंद
घटना के बाद आमेर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ इलाके में मौजूद हैं और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के स्कूलों को भी बंद करवाया गया है। पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना है।
आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग
मनीष सोनी की मौत के बाद उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मामले में दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
परिवार ने प्रशासन के सामने रखीं कई मांगें
मनीष सोनी के परिवार की ओर से प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखी गई हैं। परिवार ने एक करोड़ रुपये का मुआवजा, आश्रित परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और डेयरी बूथ आवंटित करने की मांग की है।
इसके साथ ही परिवार और स्थानीय लोगों ने आमेर क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध या अनधिकृत रूप से जीप चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर उन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
परिजनों ने आमेर क्षेत्र में आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रखने की भी मांग की है। अब पुलिस और प्रशासन के सामने एक तरफ मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की चुनौती है, तो दूसरी ओर आमेर में बिगड़े माहौल को शांत कर कानून-व्यवस्था बहाल करना भी बड़ी जिम्मेदारी है।

