Samachar Nama
×

बीजद विधायक सरोज पाढ़ी बोले-'जहां मोदी हैं, वहां संभावना है', 100 फीसदी करेंगे समर्थन

बीजद विधायक सरोज पाढ़ी बोले-'जहां मोदी हैं, वहां संभावना है', 100 फीसदी करेंगे समर्थन
बीजद विधायक सरोज पाढ़ी बोले-'जहां मोदी हैं, वहां संभावना है', 100 फीसदी करेंगे समर्थन

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर राजनीतिक बयानबाजी के बीच बीजद विधायक सरोज पाढ़ी के बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी। विधायक पाढ़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश और लोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, इसलिए बीजद उनका समर्थन करेगा। वहीं, बिहार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने महिला आरक्षण को अच्छी पहल बताते हुए कहा कि आधी आबादी को नजरअंदाज कर लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता।

महिला आरक्षण को लेकर बिहार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, "बहुत ही अच्छी बात है। सरकार और प्रधानमंत्री तो पहले से ही चाह रहे हैं कि महिलाओं को आरक्षण मिले। बिहार में पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने पंचायती राज में तो पहले से आरक्षण दिया ही है। सामान्य चुनाव में भी आरक्षण मिले और महिलाएं भी इस देश की नागरिक हैं। आधी आबादी को हम कैसे नजरअंदाज कर सकते हैं और लोकतंत्र मजबूत होने की कल्पना कैसे कर सकते हैं?"

परिसीमन बिल पर अखिलेश यादव और कांग्रेस के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि ये तो पहले से प्रक्रिया में है, परिसीमन पहले से होता रहा है। कांग्रेस के राज में क्यों होता था परिसीमन? स्वयं जो करते थे, अब उसका विरोध कर रहे हैं।

महिला आरक्षण बिल के लिए दो तिहाई बहुमत को लेकर उन्होंने कहा कि वह इंतजाम करके ही बिल लाया जाएगा। विपक्ष व्यापाक विरोध प्रकट करेगा, तो कहा जाएगा कि यह विधेयक महिला विरोधी है।

बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ विधायक सरोज पाढ़ी ने कहा, "हम पीएम मोदी का समर्थन क्यों न करें? क्या ओडिशा भारत का हिस्सा नहीं है? क्या बीजू जनता दल भारत की एक राजनीतिक पार्टी नहीं है? प्रधानमंत्री मोदी जो कुछ भी कर रहे हैं, वह लोगों और देश के कल्याण के लिए कर रहे हैं। उनका समर्थन करने में क्या हर्ज है? हम उनका समर्थन करेंगे। मुझे 100 फीसदी यकीन है कि बीजू जनता दल पीएम मोदी का समर्थन करेगा। हम सिर्फ एक ही बात कह रहे हैं: जहां मोदी हैं, वहां संभावना है।"

भाजपा के राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने कहा कि 30 नवंबर से लेकर 4 दिसंबर तक लोकसभा और राज्यसभा चलेंगी। इस बुलेटिन के माध्यम से एजेंडा अभी सामने नहीं आया है। एजेंडा सामने आएगा, तो हम लोग बिल्कुल इस पर बात करेंगे। जो भी देश और समाज और लोगों के हित में होगा, वैसा ही एजेंडा आएगा और इस चर्चा के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता और सांसद तैयार हैं। यह वही राजनीतिक दल है, जो सबका साथ और सबका विकास देखती है।

--आईएएनएस

केके/पीएम

Share this story

Tags