Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश: जगदीशपुर में होगी मोहन कैबिनेट की आठवीं डेस्टिनेशन बैठक, ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ेगा सुशासन

मध्य प्रदेश: जगदीशपुर में होगी मोहन कैबिनेट की आठवीं डेस्टिनेशन बैठक, ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ेगा सुशासन
मध्य प्रदेश: जगदीशपुर में होगी मोहन कैबिनेट की आठवीं डेस्टिनेशन बैठक, ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ेगा सुशासन

भोपाल, 18 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार की कैबिनेट बैठकें राजधानी के अलावा अन्य स्थानों पर भी हो रही हैं। इसी क्रम में आठवीं डेस्टिनेशन बैठक रविवार को राजधानी के करीब स्थित ऐतिहासिक स्थल जगदीशपुर में होने वाली है।

मध्य प्रदेश की कमान संभाले मुख्यमंत्री मोहन यादव को ढाई साल हो गए हैं, और इस दौरान अनेक नवाचार किए गए हैं। उन्हीं में से एक है कैबिनेट की डेस्टिनेशन बैठक। जनकल्याण से जुड़े नीतिगत निर्णय सिर्फ मंत्रालय में ही नहीं प्रदेश के सुदूर अंचलों में भी लिए जाने लगे हैं।

राजधानी भोपाल से लगे हुए प्राचीन महल और स्मारक वाले गांव जगदीशपुर में 19 जुलाई को कैबिनेट की बैठक हो रही है। प्राचीन धरोहर को देखने-समझने का भी यह एक अवसर है। प्रदेश की पुरा संपदा के प्रति आमजन की जानकारी में भी वृद्धि होती है और ऐसे स्थलों का महत्व भी बढ़ता है।

महेश्वर, सिंग्रामपुर और इंदौर का राजवाड़ा ऐसे ही स्थान हैं जहां कैबिनेट बैठक हुई और इन स्थानों के प्रति जनता की जिज्ञासा बढ़ी। यह भविष्य में पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगा।

भोपाल के साथ ही अब जबलपुर, दमोह, खरगोन, नर्मदापुरम, छतरपुर और बड़वानी जिलों में मंत्रि परिषद की बैठकों की कार्यवाही हो चुकी है। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो जिला छतरपुर में हुई बैठक के साथ ही इन सभी बैठकों में जनकल्याण से जुड़े बहुआयामी निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सामान्य कैबिनेट के साथ ही कृषि कैबिनेट भी प्रदेश के प्रत्येक अंचल में करने का निर्णय लिया है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में भी कैबिनेट प्रस्तावित है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों से जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क का कार्य भी इससे आसान हुआ है। जहां राजधानी में ही जन हित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते रहे हैं, अब इस नवाचार के अंतर्गत प्रदेश के छोटे से ग्राम स्तर से भी जन कल्याण के महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच

Share this story

Tags