Samachar Nama
×

जगन्नाथ रथ यात्रा: लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए ओडिशा पुलिस का मेगा ट्रैफिक प्लान तैयार

जगन्नाथ रथ यात्रा: लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए ओडिशा पुलिस का मेगा ट्रैफिक प्लान तैयार
जगन्नाथ रथ यात्रा: लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए ओडिशा पुलिस का मेगा ट्रैफिक प्लान तैयार

पुरी, 15 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा इस साल 16 जुलाई से शुरू हो रही है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भी बड़े पैमाने पर बंदोबस्त किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस ने ट्रैफिक प्लान भी बनाया है, ताकि यात्रा सुचारू रूप से चल सके।

एडीजी सोमेंद्र प्रियदर्शी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि ओडिशा पुलिस ने 30 पार्किंग जोन बनाए हैं और भीड़ को संभालने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।

एडीजी ने कहा, "हमें उम्मीद है कि लाखों श्रद्धालु पवित्र शहर पुरी आएंगे। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक ट्रैफिक मैनेजमेंट है, खासकर इसलिए क्योंकि हजारों बसें, चार-पहिया और दो-पहिया वाहन इस छोटे से शहर में आ रहे हैं। इसलिए, हमारी पहली प्राथमिकता पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाना रही है। हमने पुरी शहर के अंदर 30 पार्किंग स्थल तय किए हैं।"

उन्होंने बताया कि पार्किंग क्षेत्र को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। जैसे चार पार्किंग स्थल दो-पहिया वाहनों के लिए हैं, जबकि 22 चार-पहिया वाहनों के लिए हैं। कई जगहों पर सीसीटीवी भी लगाए गए हैं। उन पर नजर रखी जा रही है।

सौमेंद्र प्रियदर्शी ने बताया कि हम श्रद्धालुओं तक जानकारी पहुंचाने की कोशिश करेंगे, ताकि वे उसी हिसाब से पुरी में प्रवेश की योजना बना सकें। इन 30 पार्किंग स्थलों के अलावा हम तकनीक- खासकर एनिमेशन फिल्म के जरिए श्रद्धालुओं तक यह जानकारी पहुंचाने की कोशिश की होगी कि पुरी में प्रवेश का रास्ता क्या होगा। लोगों तक एलईडी डिस्प्ले, सोशल मीडिया, और ऐप्स के जरिए जानकारियां पहुंचाई जाएंगी।

एडीपी के अनुसार, शहर के अलावा पुरी जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी एलईडी डिस्प्ले लगाए गए हैं। भुवनेश्वर पुलिस कमिश्नरेट के एलईडी बोर्डों का भी यातायात सूचना प्रसारित करने के लिए उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमने भुवनेश्वर के पुलिस कमिश्नर के साथ भी तालमेल बिठाया है, ताकि उनके एलईडी डिस्प्ले बोर्ड का इस्तेमाल खासतौर पर ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी देने के लिए किया जा सके।"

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक नियंत्रण के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां अलग-अलग स्थानों से वीडियो फीड मिली रही हैं। इनका विश्लेषण कर भीड़ और वाहनों के दबाव वाले महत्वपूर्ण स्थानों का पता लगाया जाएगा, ताकि समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें। यातायात व्यवस्था की निगरानी डीआईजी विशाल सिंह करेंगे, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अमिताभ ठाकुर को दी गई है। इसके लिए पुरी आरटीओ के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

एडीजी ने कहा कि हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे पुलिस की तरफ से दी गई एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग और लोगों के अनुशासन से रथ यात्रा के दौरान यातायात को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags