जगद्गुरु कृपालु यूनिवर्सिटी आधुनिक शिक्षा और भारतीय मूल्यों का संगम, ओडिशा बनेगा वैश्विक शिक्षा केंद्र : सीएम माझी
बानरा, 3 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को कहा कि बानरा में उद्घाटित जगद्गुरु कृपालु यूनिवर्सिटी राज्य को उच्च शिक्षा, रिसर्च और नैतिक चरित्र-निर्माण के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे आधुनिक विज्ञान और भारतीय मूल्यों का नया संगम बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति में यूनिवर्सिटी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान केवल एक शैक्षणिक केंद्र नहीं है, बल्कि ओडिशा में विश्व-स्तरीय शिक्षा और रिसर्च का इकोसिस्टम बनाने की शुरुआत है। उन्होंने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति ने राज्यवासियों में नया उत्साह और प्रेरणा जगाई है।
मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु कृपालु महाराज को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें आधुनिक युग का परिवर्तनकारी आध्यात्मिक नेता बताया। उन्होंने कहा कि महाराज ने भारत के वैदिक ज्ञान और प्रेम-भक्ति के संदेश को दुनिया भर में फैलाया। उनकी स्मृति में बनी यह यूनिवर्सिटी भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ जोड़ने का काम करेगी।
माझी ने बताया कि यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटर साइंस, मैनेजमेंट और हेल्थ साइंसेज जैसे समकालीन पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही माइंड मैनेजमेंट, मानवीय मूल्यों और योग विज्ञान के लिए 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' बनाए जाएंगे। ये केंद्र छात्रों की मानसिक भलाई, चरित्र विकास और छिपी प्रतिभाओं को निखारने पर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी जगद्गुरु कृपालु क्लिनिक और योग-प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल के जरिए सामाजिक सेवा भी करेगी। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा की युवा शक्ति आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थानों के साथ मिलकर रिसर्च और इनोवेशन में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि आज का दौर स्किल्स और काबिलियत का है। राज्य सरकार युवाओं के लिए अधिक अवसर सृजित करने को प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'जेन-जी' संवाद का जिक्र करते हुए माझी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशा-मुक्त जीवन की अपील की थी, जिसमें देशभर से एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति और मेडिकल, इंजीनियरिंग संस्थानों के विस्तार से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
माझी ने कहा कि ओडिशा खनिज और स्टील से आगे बढ़कर 16 नए क्षेत्रों जैसे आईटी, सेमीकंडक्टर, कपड़ा और पेट्रोकेमिकल में निवेश को बढ़ावा दे रहा है। राज्य केजी और पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। आने वाले दिनों में चार और यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएंगी। सिंगापुर के सहयोग से आईटीआई को 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में विकसित किया जा रहा है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

