Samachar Nama
×

इटली के लिए नॉर्वे से रवाना हुए पीएम मोदी, नॉर्डिक देशों के साथ व्यापार और निवेश लिंकेज गहरा करने पर दिया जोर

ओस्लो, 19 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में नॉर्वे से इटली के लिए रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी ने नॉर्वे से रवाना होने से पहले नॉर्डिक देशों के साथ व्यापार और निवेश लिंकेज को और गहरा करने पर जोर दिया।
इटली के लिए नॉर्वे से रवाना हुए पीएम मोदी, नॉर्डिक देशों के साथ व्यापार और निवेश लिंकेज गहरा करने पर दिया जोर

ओस्लो, 19 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने विदेश दौरे के अंतिम चरण में नॉर्वे से इटली के लिए रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी ने नॉर्वे से रवाना होने से पहले नॉर्डिक देशों के साथ व्यापार और निवेश लिंकेज को और गहरा करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "पिछले कुछ सालों में भारत और नॉर्डिक देशों ने बहुत तरक्की की है। व्यापार संबंध मजबूत हुए हैं और निवेश लिंकेज काफी गहरे हुए हैं। आज के भारत-नॉर्डिक समिट के सबसे अहम नतीजों में से एक यह है कि हमने अपने संबंधों को ग्रीन टेक्नोलॉजी और इनोवेशन रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने का फैसला किया है। यह इनोवेशन को स्केल और टैलेंट के साथ जोड़ेगा, साथ ही सस्टेनेबिलिटी, भरोसेमंद तकनीक और इंसानियत के बेहतर भविष्य के लिए हमारे साझा कमिटमेंट को आगे बढ़ाएगा।"

नॉर्वे का दौरा पूरा कर पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "नॉर्वे का बहुत ही फायदेमंद दौरा खत्म हुआ। प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे के साथ अच्छी बातचीत हुई और भारत-नॉर्डिक समिट में हिस्सा लिया, जहां कई क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने के लिए जरूरी फैसले लिए गए। मैं नॉर्वे के लोगों, पीएम स्टोरे और नॉर्वे सरकार को उनके प्यार और दोस्ती के लिए धन्यवाद देता हूं।"

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "भारत नॉर्डिक देशों के साथ इन चीजों के लिए काम करता रहेगा – ज्यादा व्यापार और निवेश, सस्टेनेबल ग्रोथ, ज्यादा इनोवेशन, क्लाइमेट एक्शन और आर्कटिक में सहयोग।"

इससे पहले पीएम मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक समिट में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा, "आज भारत-नॉर्डिक समिट में शामिल होने पर मुझे खुशी हो रही है। इस समिट का आयोजन करने के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद करता हूं। इस समिट में मैं सभी नॉर्डिक नेताओं का स्वागत करता हूं। लोकतंत्र, कानून के नियम और बहुपक्षवाद के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता हमें नेचुरल साझेदार बनाती है। आठ वर्ष पहले हमने नॉर्डिक देशों के साथ अपने संबंधों को ऊर्जा और गति देने के लिए इस फॉर्मेट का गठन किया।"

उन्होंने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि पिछले कुछ वर्षों में हमने अपने संबंधों में विशेष प्रगति की है। 10 वर्षों में हमारा द्विपक्षीय व्यापार चार गुना बढ़ा है। नॉर्डिक देशों के निवेश फंड भी भारत की रैपिड ग्रोथ में अहम साझेदार बन रहे हैं। पिछले एक दशक में नॉर्डिक देशों से भारत में निवेश में लगभग 200 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। तेजी से बढ़ते व्यापार और निवेश में भारत की ग्रोथ स्टोरी ने योगदान दिया है, साथ ही नॉर्डिक देशों की अर्थव्यवस्थाओं में भी बहुत सकारात्मक भूमिका निभाई और हजारों नई नौकरियां बनाई हैं। इस मजबूत नींव पर अपने संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने के लिए हमने हाल ही में कुछ महत्वपूर्ण पहल किए हैं।"

--आईएएनएस

केके/डीकेपी

Share this story

Tags