इटैलियन ओपन: डार्डेरी ने उलटफेर किया, ज्वेरेव को शिकस्त देकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई
रोम, 12 मई (आईएएनएस)। लुसियानो डार्डेरी ने मंगलवार को एटीपी सीजन का बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने हार की कगार से वापसी करते हुए दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव को मात देकर पहली बार इटैलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह बनाई।
डार्डेरी ने अपने करियर में पहली बार किसी टॉप-10 खिलाड़ी को शिकस्त दी है। अक्टूबर में शंघाई के बाद से, मास्टर्स 1000 स्तर पर ज्वेरेव को हराने वाले जानिक सिनर के अलावा पहले खिलाड़ी बन गए।
यह इटैलियन खिलाड़ी अब लाइव एटीपी रैंकिंग में 17वें स्थान पर पहुंच गया है। अगले दौर में उनका मुकाबला युवा सनसनी राफेल जोडर से होगा, जो इससे पहले 2007 में नोवाक जोकोविच के बाद रोम क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने वाले पहले टीनएजर बने थे।
फोरो इटालिको में खचाखच भरे घरेलू दर्शकों के जोरदार समर्थन के बीच, डार्डेरी ने एक सेट और एक ब्रेक से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। इसके बाद, दूसरे सेट के तनावपूर्ण टाई-ब्रेक में चार मैच प्वाइंट्स बचाते हुए 1-6, 7-6(10), 6-0 से एक यादगार जीत हासिल की। यह मैच 2 घंटे 25 मिनट तक चला।
24 वर्षीय खिलाड़ी की हार तय लग रही थी, क्योंकि ज्वेरेव ने पहले सेट में जोरदार बेसलाइन हिटिंग के साथ दबदबा बनाया था और दूसरे सेट में 5-3 से आगे हो गए थे, लेकिन जब मैच खत्म होता दिख रहा था, तब डार्डेरी ने ज्वेरेव की सर्विस तोड़कर मैच को टाई-ब्रेक तक खींच लिया।
निर्णायक टाई-ब्रेक धैर्य की परीक्षा बन गया, क्योंकि ज्वेरेव बार-बार जीत के करीब पहुंच रहे थे, लेकिन मैच खत्म करने के अपने चारों मौकों को भुनाने में नाकाम रहे। पहले मैच प्वाइंट पर, जर्मन खिलाड़ी ने बैकहैंड शॉट नेट में मार दिया। दूसरे मैच प्वाइंट पर डार्डेरी ने एक मजबूत सर्विस के साथ खुद को मुकाबले में बनाए रखा। तीसरे मैच प्वाइंट पर उन्हें ज्वेरेव की फोरहैंड की गलती का फायदा मिला और चौथे मैच प्वाइंट पर उन्होंने दबाव के बावजूद एक बेहतरीन 'ड्रॉप वॉली' लगाकर ज्वेरेव के मौके को खत्म कर दिया।
आखिरकार, ज्वेरेव की एक महंगी 'डबल फॉल्ट' की मदद से, अपने दूसरे 'सेट प्वाइंट' पर टाई-ब्रेक जीतने के बाद, मैच का पूरा रुख ही बदल गया। डार्डेरी ने निर्णायक सेट में बिना कोई गेम गंवाए शानदार प्रदर्शन किया, जबकि वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी को उस मानसिक झटके से उबरने में काफी मुश्किल हुई।
--आईएएनएस
आरएसजी

