Samachar Nama
×

'इससे उनका आत्मविश्वास डगमगा सकता है', न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए यशस्वी को नजरअंदाज करने से नाखुश अश्विन

'इससे उनका आत्मविश्वास डगमगा सकता है', न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए यशस्वी को नजरअंदाज करने से नाखुश अश्विन
'इससे उनका आत्मविश्वास डगमगा सकता है', न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए यशस्वी को नजरअंदाज करने से नाखुश अश्विन

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड दौरे के लिए शुक्रवार को भारत की वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान किया गया। हालांकि, यशस्वी जायसवाल को एकदिवसीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। सिलेक्टर्स का यह फैसला भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को रास नहीं आया है।

अश्विन ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई वनडे टीम में यशस्वी को शामिल न करने पर नाराजगी जाहिर की है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा, "अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे नहीं खेलते हैं, तो उनकी जगह पर निश्चित रूप से यशस्वी जायसवाल को मौका मिलना चाहिए। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि इससे उनका आत्मविश्वास डगमगा सकता है, खासकर तब जब वह इतने अच्छे रन बना रहे थे।"

पूर्व गेंदबाज ने आगे कहा, "मैं शुभमन गिल की स्थिति समझ सकता हूं, क्योंकि वह लगातार यात्रा कर रहे हैं। मैं केएल राहुल की स्थिति भी समझ सकता हूं। हालांकि, यशस्वी जायसवाल को तो बिल्कुल भी खेलने का समय नहीं मिला है, है ना? मैं सिर्फ जायसवाल को मौके देने के नजरिए से यह बात नहीं कह रहा हूं। उनका आत्मविश्वास पूरी तरह से खत्म हो रहा है। मुझे नहीं पता, लेकिन अगर आप उनकी बल्लेबाजी को देखें, तो वह उस तरह से बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं जैसे वह दो या तीन साल पहले किया करते थे।"

अश्विन ने कहा कि अगर यशस्वी के आत्मविश्वास खत्म होता है, तो यह टीम मैनेजमेंट की जिम्मेदारी है कि उन्हें मौका दें। पूर्व स्पिनर ने कहा, "वह रन मशीन थे। अगर उनका आत्मविश्वास डगमगा रहा है, तो टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स का यह काम है कि उन्हें जहां भी संभव हो, मौका दें। हालांकि, उन्हें ऐसे मौके बिल्कुल नहीं मिल रहे हैं। उन्हें ये मौके नहीं दिए जा रहे हैं। यह बहुत गलत है।"

यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए 50 ओवर के फॉर्मेट में अब तक कुल 6 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 71.25 की औसत और 97 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 285 रन बनाए हैं। यशस्वी वनडे में 2 शतक लगा चुके हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ यशस्वी को तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story