Samachar Nama
×

ISRO Update: दो मिशनों में नाकामी के बाद PSLV की बड़ी वापसी की तैयारी, तीसरे स्टेज का ग्राउंड टेस्ट सफल

ISRO Update: दो मिशनों में नाकामी के बाद PSLV की बड़ी वापसी की तैयारी, तीसरे स्टेज का ग्राउंड टेस्ट सफल

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने भरोसेमंद PSLV रॉकेट की वापसी की दिशा में अहम सफलता हासिल की है। इसरो ने PSLV के तीसरे स्टेज यानी PS3 का ग्राउंड टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। खास बात यह है कि इसी स्टेज में पिछले दो मिशनों के दौरान तकनीकी गड़बड़ियां सामने आई थीं। इसके बाद वैज्ञानिकों ने पूरे स्टेज की जांच कर उसमें जरूरी सुधार किए और नए वर्जन का परीक्षण किया।

यह परीक्षण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर की स्टैटिक टेस्ट फैसिलिटी में किया गया। इस दौरान रॉकेट के इंजन को जमीन पर सुरक्षित तरीके से स्थिर करके चलाया गया और उसकी कार्यक्षमता जांची गई। इस सफलता को PSLV के अगले मिशनों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दो मिशनों में आई थी तीसरे स्टेज में गड़बड़ी

PSLV-C61/EOS-09 और PSLV-C62/EOS-N1 मिशनों के दौरान रॉकेट के तीसरे स्टेज में तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद इसरो ने PS3 स्टेज की विस्तृत जांच शुरू की थी।

वैज्ञानिकों ने इसकी डिजाइन और तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जरूरी बदलाव किए। अब नए सिरे से तैयार किए गए स्टेज का ग्राउंड टेस्ट सफल रहा है। इससे रॉकेट की विश्वसनीयता बेहतर बनाने की दिशा में इसरो को अहम कामयाबी मिली है।

क्या होता है PSLV का तीसरा स्टेज?

PSLV यानी पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल भारत का प्रमुख प्रक्षेपण यान है। इसके अलग-अलग स्टेज रॉकेट को अंतरिक्ष में आगे बढ़ाने और सैटेलाइट को निर्धारित कक्षा तक पहुंचाने में मदद करते हैं। तीसरा स्टेज इसी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

ग्राउंड टेस्ट के दौरान इंजन को जमीन पर ही चलाकर उसके प्रदर्शन और तकनीकी मानकों की जांच की जाती है। इससे वास्तविक उड़ान से पहले संभावित समस्याओं का पता लगाने में मदद मिलती है।

NavIC के लिए ISRO ने लॉन्च किया NVS-03 सैटेलाइट

इसरो ने इससे पहले 31 अक्टूबर को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से GSLV-F18 रॉकेट के जरिए अगली पीढ़ी का नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 लॉन्च किया था। यह NVS सीरीज का तीसरा सैटेलाइट है। इसका उद्देश्य भारत के स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम NavIC की सेवाओं को लगातार मजबूत बनाए रखना है।

NVS-03 में स्वदेशी एटॉमिक क्लॉक के साथ खरीदी गई एटॉमिक क्लॉक्स भी लगाई गई हैं। इसके अलावा, इसमें पहले से इस्तेमाल हो रहे L5 और S-बैंड सिग्नल के साथ L1 नेविगेशन सिग्नल भी जोड़ा गया है।

भारत की नेविगेशन क्षमता को मिलेगी मजबूती

NavIC का पूरा नाम नेविगेशन विद इंडियन कॉन्स्टेलेशन है। यह भारत का अपना सैटेलाइट आधारित नेविगेशन सिस्टम है। इसरो के अनुसार, इसे भारत के पूरे भूभाग और देश की सीमाओं से करीब 1,500 किलोमीटर आगे तक के क्षेत्र में सेवाएं देने के लिए तैयार किया गया है।

NVS-03 के लॉन्च से NavIC की क्षमता बढ़ने और देश की स्वतंत्र नेविगेशन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, PSLV के तीसरे स्टेज का सफल परीक्षण भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Share this story

Tags