इजरायली राष्ट्रपति ने ईरान पर ट्रंप के रुख की प्रशंसा करते हुए 80वें जन्मदिन की दी बधाई
तेल अवीव, 14 जून (आईएएनएस)। इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को लेकर अपनाए रुख की प्रशंसा की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। ट्रंप रविवार को 80 साल के हो गए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हर्जोग ने बधाई संदेश में लिखा, "राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 80वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई! आपका व्हाइट हाउस तक का असाधारण सफर अमेरिकी सपने की व्यापकता और आपके दृढ़ संकल्प की शक्ति को दर्शाता है।"
इजरायल की जनता ईरान का सामना करने में आपके नेतृत्व और इजरायल की सुरक्षा के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए आभारी है। हमारे प्रिय बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए आपके अथक प्रयासों को हम कभी नहीं भूलेंगे।
हर्जोग ने आगे कहा कि ईश्वर करे कि आप मध्य पूर्व और पूरी दुनिया को शांति और सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ाते रहें तथा अमेरिका-इजरायल की अनूठी साझेदारी को और मजबूत बनाएं।
अपनी पोस्ट में इजरायली राष्ट्रपति ने यहूदी परंपरा का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा, "हमारे यहां माना जाता है कि 80 वर्ष की आयु में व्यक्ति विशेष सामर्थ्य और अनुभव प्राप्त करता है। ईश्वर करे कि आप अपने सुंदर परिवार के साथ खुशियां मनाते रहें और आपको अनेक जन्मदिन आशीर्वाद तथा आनंद के साथ प्राप्त हों।"
अपनी बात को विराम देते हुए हर्जोग ने कामना की कि ट्रंप को सौभाग्य प्राप्ति हो। उन्होंने इसके लिए हिब्रू शब्द 'मजल टोव' का इस्तेमाल किया। इस हिब्रू शब्द का हिंदी में मतलब सौभाग्य होता है।
ट्रंप के लिए इस बार का जन्मदिन खास है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी दिन ईरान-यूएस संघर्ष को खत्म करने के लिए समझौता हो सकता है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ शनिवार को ही इसका ऐलान कर चुके हैं। ई-साइनिंग की बात कही जा रही है। ट्रंप भी लगातार दावा कर रहे हैं कि समझौते पर बात लगभग बन गई है। वहीं ईरान ने ऐसी किसी भी डील से साफतौर पर इनकार कर दिया है, अभी सस्पेंस बरकरार है।
--आईएएनएस
केआर/

