इजरायली मीडिया का दावा- ईरान सुप्रीम मोजतबा की हालत गंभीर, कोम में चल रहा इलाज
तेल अवीव, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर इजरायल ने बड़ा दावा किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले दावा किया था कि मोजतबा अमेरिकी और इजरायली सेना की कार्रवाई में घायल हो गए थे, उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है।
इस बीच अब द टाइम्स ऑफ इजरायल ने बताया कि एक इंटेलिजेंस असेसमेंट के मुताबिक, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई बेहोश हैं और कोम शहर में एक गंभीर मेडिकल बीमारी का इलाज चल रहा है।
इजरायली मीडिया ने बताया कि अमेरिका-इजरायली इंटेलिजेंस पर आधारित और अपने खाड़ी सहयोगियों के साथ शेयर किए गए एक डिप्लोमैटिक मेमो में लिखा है, “मोजतबा खामेनेई का कोम में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है; वह सरकार के किसी भी फैसले में शामिल नहीं हो पा रहे हैं।”
बता दें, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले के साथ संघर्ष की शुरुआत की, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई शीर्ष नेता की मौत हो गई। इसके बाद मोजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर बनाया गया। युद्ध की शुरुआत के बाद से यह पहली बार है जब किसी रिपोर्ट में खामनेई की लोकेशन पब्लिक में बताई गई है। माना जा रहा था कि 28 फरवरी के शुरुआती हमलों में वह घायल हो गए थे।
इजरायली मीडिया ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट में उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को शुरुआती हमलों में मारे जाने के बाद कोम में दफनाने की तैयारियों का भी खुलासा हुआ है।
बता दें, इजरायली मीडिया के रिपोर्ट से पहले आईआरजीसी के एक वरिष्ठ जनरल की मौत पर मोजतबा खामेनेई का बयान सामने आया था। ईरान के सुप्रीम लीडर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईरानी नेतृत्व के खिलाफ हत्याएं और अपराध देश की प्रगति को नहीं रोकेंगे। वरिष्ठ जनरल सोमवार को तेहरान में इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमले में मारे गए थे।
मोजतबा खामेनेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईरान के खुफिया संगठन (आईआरजीसी) के प्रमुख माजिद खादेमी के काम की सराहना करते हुए कहा, "शहीद मेजर जनरल सैय्यद मजीद खादेमी, जो देश की सुरक्षा, खुफिया और रक्षा के क्षेत्र में दशकों से खुदा की राह पर बिना थके संघर्ष कर रहे थे, उन्हें शहादत का आशीर्वाद मिला है। ईमान वालों में ऐसे लोग भी हैं जो अल्लाह से किए वादे के पक्के रहे हैं। उनमें से कुछ ने अपनी जान देकर अपना वादा पूरा कर दिया है और कुछ इंतजार कर रहे हैं और वे जरा भी नहीं बदले हैं।'"
उन्होंने आगे कहा कि मैं इस कमांडर की शहादत पर संवेदना व्यक्त करता हूं, साथ ही उनके सम्मानित परिवार और आईआरजीसी इंटेलिजेंस ऑर्गनाइजेशन में उनके साथियों को नमन करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें परलोक में ऊंचा स्थान प्राप्त हो।
--आईएएनएस
केके/एएस

