Samachar Nama
×

'इसमें काफी तैयारी, लगन और होमवर्क शामिल था', यादगार शतकीय पारी खेलने के बाद बोले केएल राहुल

'इसमें काफी तैयारी, लगन और होमवर्क शामिल था', यादगार शतकीय पारी खेलने के बाद बोले केएल राहुल
'इसमें काफी तैयारी, लगन और होमवर्क शामिल था', यादगार शतकीय पारी खेलने के बाद बोले केएल राहुल

वेलिंग्टन, 21 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पहले टेस्ट में केएल राहुल ने तीसरे दिन 136 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के साथ ही वह सेना देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज बने। राहुल ने इस उपलब्धि के पीछे किसी खास जज्बात की बात को साफतौर पर खारिज किया है।

राहुल ने कहा कि वह कभी' भी बहुत ज्यादा जोश में नहीं आते, और उनका बस यही लक्ष्य था कि न्यूजीलैंड में मिले अपने पहले टेस्ट के मौके को वह हाथ से न जाने दें। न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट शतक (136 रन) की बदौलत राहुल ने भारत को बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप्स तक 486/4 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की, जिससे भारत को 118 रनों की बढ़त मिल गई है। राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मुझे नहीं लगता कि मैं बहुत ज्यादा जोश में था। मुझे नहीं लगता कि मैं कभी ऐसा होता हूं, लेकिन यह एक ऐसा मौका था जिसे मैं गंवाना नहीं चाहता था।"

राहुल ने आगे कहा, "जाहिर है कि जब आप लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं और अपने करियर के अंत की ओर होते हैं, तो आप चाहते हैं कि आपको अलग-अलग देशों में खुद को चुनौती देने और बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमणों का सामना करने का मौका मिले। न्यूजीलैंड एक ऐसा देश रहा है जहां मुश्किल परिस्थितियों में कई बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। इसी कारण मैं यहां एक टेस्ट मैच खेलना चाहता था। मैं और भी ज्यादा मैच खेलना चाहता था, लेकिन बदकिस्मती से इससे पहले मुझे यहां खेलने का मौका नहीं मिला था। इसी कारण जब मुझे यह मौका मिला, तो मैं इसका पूरा फायदा उठाना चाहता था।"

राहुल की तैयारी भी कुछ खास नहीं रही थी - लिंकन में भारत 'ए' के ​​लिए खेले गए पहले मैच में वह केवल 0 और 4 रन ही बना पाए थे, जिसके बाद वह तीन वनडे मैच खेलने चले गए थे। उन्होंने आगे कहा, “इसीलिए मैंने जल्दी आने का फैसला किया, ताकि यहां के हालात के हिसाब से खुद को ढाल सकूं। मुझे न्यूजीलैंड आकर रेड बॉल क्रिकेट खेलने का पहले कोई अनुभव नहीं था, इसलिए ये सब बातें मेरे दिमाग में थीं। मैं पिछले छह-सात महीनों से न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट के बारे में सोच रहा था। मैंने अपनी तैयारी की, उन खिलाड़ियों के बारे में जाना जिन्होंने यहां रन बनाए हैं और यह समझने की कोशिश की कि उन्होंने ऐसा कैसे किया। इसमें काफी तैयारी, लगन और होमवर्क शामिल था। जब मुझे मौका मिला, तो मैंने अपनी सभी तैयारियों को सही तरीके से लागू किया। इससे मैच खेलना थोड़ा आसान हो जाता है।"

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बताया कि सीरीज से पहले 'भारत ए' मैच में खराब प्रदर्शन की भरपाई उन्होंने नेट्स में लंबे समय तक अभ्यास करके की। इसके साथ ही, वह सभी सेना देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने।

राहुल ने कहा, "सच कहूं तो, ऐसा कुछ हासिल करना बहुत शानदार लगता है। ऐसा लगता है जैसे मैं यहां तीन-चार महीनों से हूं, काफी लंबा समय बिता चुका हूं। यहां आने के बाद मैंने नेट्स में बहुत समय बिताया। बदकिस्मती से, 'भारत ए' मैच में मैं ज्यादा रन नहीं बना पाया था, इसलिए मैं यहां कुछ समय बिताना चाहता था ताकि मैच की लय मिल सके।"

भारतीय सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा, "मैंने नेट्स में मिले समय का पूरा इस्तेमाल किया और यह समझने की कोशिश की कि इन हालात में सफल होने के लिए मैं खुद को सबसे अच्छा मौका कैसे दे सकता हूं। अब तक मैंने काफी टेस्ट क्रिकेट खेला है। मेरे पास टेस्ट क्रिकेट का काफी अनुभव है—कुछ अच्छे तो कुछ बुरे अनुभव भी रहे हैं। यहां आने से पहले ही मेरे पास बिल्कुल साफ योजना थी कि मुझे कैसे खेलना है। मुझे खुशी है कि मैं मैदान पर जाकर अपनी योजना के अनुसार खेल सका और पहली पारी में अच्छे नतीजे हासिल किए। जब ​​आपकी मेहनत अच्छे प्रदर्शन और रनों में बदलती है, तो इससे बहुत मदद मिलती है। इसलिए, हां, मैं इसे लेकर बहुत खुश हूं।”

तीसरे दिन राहुल ने देवदत्त पडिक्कल (जिन्होंने 80 रन बनाए) के साथ मिलकर सुबह के सेशन में बिना कोई विकेट गंवाए बल्लेबाजी की। उन्होंने बताया कि उस दिन के लिए उन्हें कोई खास निर्देश नहीं दिए गए थे। राहुल ने कहा, "नहीं, आज सुबह हम किसी खास योजना के साथ मैदान पर नहीं उतरे थे। हमारा मकसद बस यही था कि जितनी देर हो सके, बल्लेबाजी की जाए। मैं कल ही सेट हो गया था और काफी गेंदें खेल चुका था।"

"मुझे पता था कि पिच कैसा बर्ताव कर रही है और यह भी अंदाजा था कि पहले सेशन में वे पूरी ताकत से गेंदबाजी करेंगे और हमारी तकनीक को चुनौती देंगे। इसलिए, अच्छी और सधी हुई शुरुआत करना बहुत जरूरी था। एक बार जब आप सेट हो जाते हैं, तो बस उसी लय को बनाए रखना होता है। हमने बस बल्लेबाजी जारी रखी, इसके अलावा कोई खास संदेश या योजना नहीं थी।"

राहुल ने माना कि पिच का बर्ताव भारत की उम्मीदों से बिल्कुल अलग था और टॉस जीतना बहुत अहम साबित हुआ। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा, "जब हम पहली बार यहां आए और पिच देखी, तो हमें बिल्कुल नहीं लगा था कि यह ऐसा बर्ताव करेगी। हमें कुछ और ही उम्मीद थी। मगर हमने यहां खेले गए पिछले कुछ मैचों और स्कोर पर नजर डाली थी, तो पता चला कि यहां अक्सर ऐसा ही होता है। आप उम्मीद करते हैं कि गेंद ज्यादा हरकत करेगी, लेकिन अगर आप टिक कर खेलें और अच्छे स्पेल को निकाल दें, तो आप यहां रन भी बना सकते हैं।"

राहुल ने आगे कहा, "इसी वजह से मुझे लगता है कि टॉस जीतना बहुत महत्वपूर्ण था। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला कोई भी टीम लेती। हमारे गेंदबाजों ने शुरुआती कुछ सेशन में शानदार गेंदबाजी की और 4-5 विकेट चटकाए, जो बहुत जरूरी था। अगर ऐसा न होता, तो वे 500-600 रन बना सकते थे और हमें मैदान पर और भी ज्यादा समय बिताना पड़ता। हम खुश हैं कि हम टॉस जीते, उन्हें पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, शुरुआती विकेट लिए और न्यूजीलैंड को 360-370 रन के स्कोर पर ही रोक दिया। मैच शुरू होने के बाद और पिच के बर्ताव को देखते हुए हम इस स्थिति से पूरी तरह संतुष्ट हैं।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story