Samachar Nama
×

आईएसएल: विलियम्स-पेरोविच ने दागे गोल, बेंगलुरु एफसी ने चेन्नईयिन एफसी को 2-0 से हराया

आईएसएल: विलियम्स-पेरोविच ने दागे गोल, बेंगलुरु एफसी ने चेन्नईयिन एफसी को 2-0 से हराया
आईएसएल: विलियम्स-पेरोविच ने दागे गोल, बेंगलुरु एफसी ने चेन्नईयिन एफसी को 2-0 से हराया

बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग 2026-27 के नौवें मुकाबले में शनिवार को बेंगलुरु एफसी ने चेन्नईयिन एफसी को 2-0 से मात दी। रयान विलियम्स ने 24वें मिनट में गोल करके खाता खोला, और फिर 52वें मिनट में मिहालिओ पेरोविच ने गोल करके बेंगलुरु की बढ़त को दोगुना कर दिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु को तीन और अंक मिल गए।

शनिवार को कांतिरवा स्टेडियम में बेंगलुरु अपनी पहली जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहती थी, जबकि चेन्नईयिन एफसी गोवा के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर आ रही थी। गीले मैदान के बावजूद दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की। मिडफील्ड में कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां कोई भी टीम आसानी से जगह नहीं देना चाहती थी।

11वें मिनट में बेंगलुरु को पहला बड़ा मौका मिला, जब रयान विलियम्स ने बॉक्स के अंदर एक बेहतरीन गेंद डाली। पेरोविच ने करीब से हेडर लगाया, लेकिन चेन्नईयिन के गोलकीपर मोहम्मद नवाज ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद को रोक दिया।

24वें मिनट में बेंगलुरु ने गतिरोध तोड़ा। सोहम वार्ष्णेय ने बोर्जा मार्टिनेज को एक शानदार पास दिया, जिस पर मार्टिनेज ने दाएं पैर से शॉट मारा, जिसे नवाज ने रोक दिया। लेकिन रयान विलियम्स ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए रिबाउंड पर गोल कर दिया और बेंगलुरु को बढ़त दिला दी।

33वें मिनट में चेन्नईयिन ने भी एक अच्छा मौका बनाया। मोहम्मद साहीफ के क्रॉस पर रेमन टैंके ने हेडर लगाया, जिसे गुरप्रीत सिंह संधू ने रोक दिया। मेहमान टीम लगातार मौके तलाशती रही, लेकिन बेंगलुरु के डिफेंस ने मजबूती बनाए रखी और हाफ-टाइम तक अपनी 1-0 की बढ़त कायम रखी।

बेंगलुरु ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा और खेल फिर से शुरू होने के सात मिनट बाद ही अपनी बढ़त मजबूत कर ली। हाफ-टाइम के बाद रयान विलियम्स की जगह आशिक कुरुनियन मैदान पर आए और उन्होंने आते ही अपना असर दिखाया। 52वें मिनट में आशिक ने बोर्जा मार्टिनेज को एक बेहतरीन पास दिया, जिन्होंने बॉक्स के अंदर एक सटीक क्रॉस डाला। पेरोविच ने शांत रहकर गोल किया और स्कोर 2-0 कर दिया। उन्होंने नवाज के अपनी लाइन से बाहर आने के फैसले का पूरा फायदा उठाया।

चेन्नईयन ने तुरंत वापसी करने की कोशिश की, जब 55वें मिनट में प्रकादेश्वरन गेंद लेकर बॉक्स के अंदर पहुंचे। हालांकि, उनके दाएं पैर से किए गए शॉट को गुरप्रीत ने आसानी से रोक लिया। गुरप्रीत ने बेंगलुरु के गोलपोस्ट पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया।

दूसरे हाफ के आगे बढ़ने के साथ, दोनों टीमों ने अपने बेंच से खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा। बेंगलुरु ने 63वें मिनट में नओरेम रोशन सिंह और निखिल पुजारी को शामिल किया, जबकि चार मिनट बाद चेन्नईयन ने ब्राइस मिरांडा और लैड्रिनपुइया को मैदान पर भेजा। 70वें मिनट में सुनील छेत्री ने सोहम वार्ष्णेय की जगह ली। 87वें मिनट में उन्होंने बाएं पैर से एक लंबा शॉट मारा, जो गोल करने के करीब थे, लेकिन नवाज ने उसे क्रॉसबार के ऊपर से बाहर निकाल दिया।

चेन्नईयन ने मैच में वापसी की कोशिश जारी रखी। स्टॉपेज टाइम के पहले मिनट में ब्रिसन फर्नांडीस ने दूर से एक शॉट मारा, जिसे गुरप्रीत ने रोक लिया। बेंगलुरु के गोलकीपर ने एक और बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने से रोका और अपनी टीम की 'क्लीन शीट' (बिना गोल खाए मैच खत्म करना) बरकरार रखी।

मैच के अंत में चेन्नईयन के दबाव बनाने के बावजूद, बेंगलुरु ने डिफेंस में बेहतरीन अनुशासन दिखाया। उन्होंने मैच को अपने पक्ष में खत्म किया और 2-0 से जीत हासिल की, जिससे इस सीजन में उनकी जीत की शुरुआत जारी रही।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags