Samachar Nama
×

आईएसएल: ट्रिजॉय डायस का गोल, चर्चिल ब्रदर्स ने इंटर काशी को 1-0 से हराया

आईएसएल: ट्रिजॉय डायस का गोल, चर्चिल ब्रदर्स ने इंटर काशी को 1-0 से हराया
आईएसएल: ट्रिजॉय डायस का गोल, चर्चिल ब्रदर्स ने इंटर काशी को 1-0 से हराया

पुणे, 27 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 के 35वें मुकाबले में, चर्चिल ब्रदर्स एससी ने इंटर काशी को 1-0 से हराकर अपनी लगातार चार हार के सिलसिले को खत्म किया। एक कड़े मुकाबले में सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी ट्रिजॉय डायस (53वें मिनट) ने विजयी गोल दागा। इस जीत के साथ 'रेड मशीन्स' ने मौजूदा सीजन में अपनी पहली 'अवे' (घर से बाहर) जीत दर्ज की।

'रेड मशीन्स' 6 मैचों में 6 अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि इंटर काशी 1 अंक के साथ सबसे निचले पायदान पर बनी हुई है।

शुक्रवार को पुणे के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मैच के पहले हाफ में चर्चिल ब्रदर्स के पास गेंद पर ज्यादा नियंत्रण (पजेशन) रहा, लेकिन वे मौके बनाने में संघर्ष करते दिखे। वहीं, इंटर काशी के खेल में भी आक्रामक धार की कमी दिखी। मैच की शुरुआत में डिफेंडर जोसेफ ओकोरो ने कुछ अहम बचाव करते हुए आयुष छिकारा और थोई सिंह को गोल करने से रोका।

यह मुकाबला काफी तेज गति और शारीरिक जोर-आजमाइश वाला रहा। एक मौके पर बोगदान मैंडिच से टकराने के बाद वेन वाज को सिर में चोट लग गई, जिसके इलाज में काफी समय लगा। हाफ-टाइम के करीब खिलाड़ियों के बीच तनाव भी देखने को मिला, जब जितेंद्र सिंह और सेबेस्टियन गुटिरेज के बीच तीखी बहस हो गई।

दूसरे हाफ की शुरुआत के बाद दोनों टीमों ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया। अनिल रामा गांवकर ने एक जोरदार शॉट के जरिए इंटर काशी के गोलकीपर एल्बिनो गोम्स की परीक्षा ली, और कुछ ही देर बाद चर्चिल ब्रदर्स को सफलता मिल गई।

गांवकर ने अपने हाफ में गेंद हासिल की और एक डायगोनल पास के जरिए ड्रामेन सालू को गेंद पहुंचाई। मिडफील्डर सालू ने गेंद को गुटिरेज की तरफ बढ़ाया, जिन्होंने बाईं ओर खड़े ट्रिजॉय को एक बेहतरीन 'थ्रू बॉल' दी। ट्रिजॉय ने एक लो-शॉट (जमीन के करीब से शॉट) लगाकर गोल किया और अपनी टीम को बढ़त दिला दी।

इंटर काशी ने बराबरी करने के लिए जोर लगाया और सेट-पीस के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, चर्चिल ब्रदर्स का डिफेंस अडिग रहा; ओकोरो ने एक खतरनाक फ्री-किक को सफलतापूर्वक क्लियर किया। मैच खत्म होने की सीटी बजते ही हेड कोच दिमित्रिस दिमित्रिउ ने वहां मौजूद चर्चिल ब्रदर्स के फैंस के साथ जमकर जश्न मनाया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags