Samachar Nama
×

आईएसएल: सिर्फ 34 सेकंड में मोहम्मद नेमिल का गोल, एफसी गोवा ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 1-0 से हराया

आईएसएल: सिर्फ 34 सेकंड में मोहम्मद नेमिल का गोल, एफसी गोवा ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 1-0 से हराया
आईएसएल: सिर्फ 34 सेकंड में मोहम्मद नेमिल का गोल, एफसी गोवा ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 1-0 से हराया

गुवाहाटी, 21 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 के 32वें मुकाबले में, एफसी गोवा ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 1-0 से मात देकर जीत की राह पर वापसी की। शनिवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मोहम्मद नेमिल ने महज 34 सेकंड के भीतर गोल दागा, जो इस सीजन में अब तक का सबसे तेज गोल है। इस जीत के साथ, हेड कोच एंजेल वियाडेरो ने 'गौर्स' (एफसी गोवा) के साथ अपने कार्यकाल की शानदार शुरुआत की।

इस जीत के साथ गोवा के पांच मुकाबलों में आठ अंक हो गए हैं, जबकि नॉर्थईस्ट तालिका में शीर्ष पर पहुंचने का मौका चूक गया और 11 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर ही बना रहा।

मुकाबले का एकमात्र गोल नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के डिफेंडर प्रमवीर सिंह की एक गलती का नतीजा था। नेमिल ने एक 'लूज टच' का फायदा उठाया और तेजी से बॉक्स के अंदर जाकर गेंद को गोल के दूर वाले कोने में पहुंचा दिया। 'हाइलैंडर्स' (नॉर्थईस्ट यूनाइटेड) ने तुरंत वापसी करने की कोशिश की, जब जितिन एमएस ने एथियन गोंजालेज को गोल की तरफ पास दिया, लेकिन गोवा के गोलकीपर बॉब जैक्सन राज ने आगे आकर इस हमले को नाकाम कर दिया। मैकार्टन निक्सन ने गेंद को वापस बॉक्स में डाला, लेकिन अलाएद्दीन अजराई का हेडर गोल में नहीं बदल सका।

खेल के दौरान कुछ देर के लिए रुकावट आई, क्योंकि उदांता सिंह चोट के कारण आगे नहीं खेल सके, जिसके बाद कोच वियाडेरो ने आकाश सिंह को मैदान पर उतारा। इसके कुछ ही देर बाद, 23वें मिनट में बॉब जैक्सन के एक गलत पास को पकड़कर गोंजालेज ने दूर से शॉट मारा, लेकिन गोलकीपर ने संभलते हुए गेंद को रोक लिया। 41वें मिनट में राज ने अजराई के एक मुश्किल कोण से लगाए गए शॉट को भी बचा लिया, और गोवा हाफ-टाइम तक बढ़त के साथ मैदान से बाहर गया।

दूसरे हाफ में भी नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने दबाव बनाए रखा। एंटोनियो मोयानो का एक शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया, जबकि गोंजालेज ने बाईं ओर से आए अजराई के क्रॉस पर एक शानदार कलाबाजी भरा शॉट (एक्रोबैटिक एफर्ट) लगाया, जो क्रॉसबार से टकरा गया। दूसरे हाफ में गोवा के पास अपनी बढ़त को दोगुना करने का मौका था, लेकिन 72वें मिनट में सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी मालसावमसांगा ने इसाक राल्टे की फ्री-किक पर हेडर लगाया, जो गोलपोस्ट के ऊपर से बाहर चला गया।

दूसरी तरफ, हाईलैंडर्स मौके गंवाते रहे। 83वें मिनट में अजराई का हेडर लक्ष्य से चूक गया और फिर जैक्सन ने अब्दुल रबीह के एक लो-शॉट को बचा लिया। स्टॉपेज टाइम में गोलकीपर ने डाइव लगाकर सतरुस्तेगुई के एक शॉट को भी रोक दिया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags