आईएसएल: बेंगलुरु एफसी और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ
बेंगलुरु, 22 फरवरी (आईएएनएस)। रविवार को कांतीरवा स्टेडियम में बेंगलुरु एफसी और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। दोनों ही टीमों के बीच मैदान पर कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में जीत किसी के भी पक्ष में नहीं आई।
पहले हाफ में ही ब्रायन सांचेज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बेंगलुरु एफसी के लिए पहला गोल किया। हालांकि, दूसरे हाफ में बेंच से मैदान पर आए लालरिंजुआला लालबियाकनिया ने गोल दागते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।
राहुल भेके की गैरमौजूदगी में इस मुकाबले में टीम और डिफेंस की कमान संभालने की जिम्मेदारी गुरप्रीत सिंह संधू के कंधों पर सौंपी गई। अनुभवी गोलकीपर ने मैच के शुरुआती मिनटों में ही बेहतरीन बचाव करते हुए नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को बढ़त लेने से रोका।
मैच के 20वें मिनट में ब्रायन सांचेज ने बेंगलुरु एफसी को 1-0 की बढ़त दिलाई। ब्रायन ने मैदान पर तेजी से दौड़ लगाई और गोलकीपर के बाईं ओर से नीचे की तरफ शॉट खेलते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
मैच के 37वें मिनट में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के गोगोई को सुरेश पर किए गए आक्रामक टैकल के लिए चेतावनी दी गई। रयान विलियम्स ने पहले हाफ के अंत में प्रयास तो काफी किए, लेकिन वह बेंगलुरु एफसी की बढ़त को डबल करने में नाकाम रहे।
दूसरे हाफ की शुरुआत से ही नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने आक्रामक खेल दिखाया और मैच में वापसी के लिए पूरा जोर लगाया। मैच के 60वें मिनट में नॉर्थईस्ट की तरफ से हेडर की मदद से गोल करने का प्रयास किया गया, लेकिन कप्तान गुरप्रीत सिंह ने शानदार बचाव करते हुए टीम की उम्मीदों पर एक बार फिर पानी फेर दिया।
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को आखिरकार मैच के 68वें मिनट में सफलता हाथ लगी। स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर आए लालरिनजुआला ने बेहतरीन गोल दागते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के अंतिम मिनटों में दोनों ही टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी। अंत में बेंगलुरु एफसी और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के बीच खेला गया मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।
--आईएएनएस
शुभम/आरएसजी

