Samachar Nama
×

आईएसएल 2025-26: ओडिशा एफसी ने एससी दिल्ली को 2-1 से हराया

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में शुक्रवार को ओडिशा एफसी ने शानदार शुरुआत का फायदा उठाते हुए स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली (एससी दिल्ली) को 2-1 से हराया। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया।
आईएसएल 2025-26: ओडिशा एफसी ने एससी दिल्ली को 2-1 से हराया

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में शुक्रवार को ओडिशा एफसी ने शानदार शुरुआत का फायदा उठाते हुए स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली (एससी दिल्ली) को 2-1 से हराया। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया।

मैच की शुरुआत से ही ओडिशा एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती मिनटों में ही दो गोल कर बढ़त बना ली। टीम के लिए पहला गोल सुहैर वडक्कपेडिका ने चौथे मिनट में किया। उन्हें सनाथोई सिंह हेक्रुजम से शानदार क्रॉस मिला, जिस पर उन्होंने बेहतरीन हेडर लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।

इसके बाद 13वें मिनट में लालरिनफेला (माफेला) ने दूसरा गोल कर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। लालथाथांगा खौल्ह्रिंग ने उन्हें शानदार पास दिया, जिस पर माफेला ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को नेट में डाल दिया। दिल्ली की गोलकीपर नोरा फर्नांडीस इस शॉट को रोकने में नाकाम रहे।

दो गोल से पीछे होने के बाद एससी दिल्ली ने वापसी की कोशिश की। टीम ने पहले हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन ओडिशा का डिफेंस बेहद मजबूत रहा। मतिजा बाबोविक और लैमगौलेन गौ ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। हाफ टाइम तक ओडिशा एफसी 2-0 से आगे रही। दूसरे हाफ में एससी दिल्ली ने ज्यादा आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम ने अपने अटैक को मजबूत करने के लिए जूलियो रिवस को मैदान पर उतारा। इसके बाद दिल्ली लगातार दबाव बनाती रही।

58वें मिनट में मोहम्मद ऐमेन ने शानदार मौका बनाया, लेकिन ओडिशा के गोलकीपर अनुज कुमार ने शानदार बचाव किया। धीरे-धीरे मैच में नोकझोंक भी देखने को मिली और दोनों टीमों के खिलाड़ियों को येलो कार्ड दिए गए। 70वें मिनट में ओडिशा एफसी से बड़ी गलती हुई। लालथाथांगा खौल्ह्रिंग ने गेंद को क्लियर करते समय हैंडबॉल कर दिया, जिसके बाद एससी दिल्ली को पेनल्टी मिली। 74वें मिनट में मतिजा बाबोविक ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया।

इसके बाद दिल्ली ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन ओडिशा एफसी का डिफेंस डटा रहा। ओडिशा को भी तीसरा गोल करने का मौका मिला, लेकिन सब्स्टीट्यूट कार्तिक हंतल आसान मौका गंवा बैठे। मैच के आखिरी मिनटों में एससी दिल्ली ने पूरी ताकत लगा दी। जूलियो रिवस और सौरव के ने कई कोशिशें कीं, लेकिन ओडिशा एफसी ने संयम बनाए रखा। सात मिनट के अतिरिक्त समय में भी दिल्ली गोल नहीं कर सकी और ओडिशा ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ओडिशा एफसी अंक तालिका में 11वें स्थान पर पहुंच गई है। टीम के अब 11 मुकाबलों में 10 अंक हो गए हैं। वहीं एससी दिल्ली भी 10 अंकों के साथ 10वें स्थान पर बनी हुई है, लेकिन टीम का गोल अंतर बेहतर है।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी

Share this story

Tags