इस्कॉन श्री गोविंद धाम 19 जुलाई को निकालेगा रथ यात्रा: प्रभु गोपति दास
पुणे, 18 जुलाई (आईएएनएस)। इस्कॉन श्री गोविंद धाम 19 जुलाई को अपनी सालाना रथ यात्रा निकालने की तैयारी कर रहा है। प्रभु गोपति दास ने शांति और एकता को बढ़ावा देने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भक्तों को आमंत्रित किया है। रथ यात्रा के संबंध में उन्होंने शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए आनंद हो रहा है कि इस्कॉन श्री गोविंद धाम की ओर से हम रथ यात्रा का आयोजन करते हैं। इस बार हम 19 जुलाई को रथ यात्रा निकालेंगे। इसे लेकर मंदिर को अच्छे से सजाया गया है। बड़ी संख्या में भक्तगण यहां पर आ रहे हैं। मुझे इतना ही कहना है कि भक्तगण इस उत्सव का इंतजार करते हैं कि कभी तो एक दिन रथ यात्रा का आयोजन होगा और हमें इसमें भाग लेने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि श्री जगन्नाथ यात्रा की खासियत यह है कि उस रथ को भक्त खींचते हुए लाते हैं। इस साल यह रथ यात्रा पुणे के रावेत की सेलेस्टियल सीटी में शुरू होगी। इसके बाद यह रथ यात्रा एसबी पाटिल कॉलेज से होते हुए इस्कॉन श्री गोविंद धाम तक साढ़े सात बजे तक आएगी। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उस रथ को खींचते हुए हमारे भक्त लेकर आ रहे हैं। रथ को खींचने का मतलब यही हुआ कि भगवान को लोग अपने दिल में लेकर आ रहे हैं। जिस तरह से वृंदावन के भक्तों को भगवान श्री कृष्ण का विरह हो रहा था, तो उन्होंने मन में ही भगवान को रथ में बैठाया। इसके बाद रथ को खींचना शुरू किया। इसी को प्रतीक मानते हुए हम हर साल भगवान जगन्नाथ का उत्सव प्रतीक के रूप में मनाते हैं। रावेत में यह उत्सव हम 19 जुलाई को मना रहे हैं।
प्रभु गोपति दास ने कहा कि हमारा उद्देश्य यही है कि इस रथ यात्रा के जरिए सभी लोग एकत्रित हो। इसी उद्देश्य के साथ हम यह रथ यात्रा निकालते हैं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे इस्कॉन के संस्थापक आचार्य भक्ति वेदांत गोस्वामी श्री प्रभुपाद ने 60 साल पहले रथ यात्रा का आयोजन किया था। अब पूरे देश में रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अमेरिका, रूस, लंदन, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और पाकिस्तान सहित अन्य देशों में रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस रथ यात्रा का उद्देश्य यही है कि पूरे जीवन में शांति का निर्माण हो। इसका फल भी हम देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा में हर जाति और धर्म के लोग हिस्सा लेकर यात्रा का आनंद लेते हैं। मैं सभी भक्तों से यही विनती करना चाहूंगा कि वह 19 तारीख को इस्कॉन श्री गोविंद धाम में आकर यात्रा में शामिल हो। हम सभी भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी

