इस हार को पचाना मुश्किल है, यह क्रिकेट का एक शानदार मैच था: श्रेयस अय्यर
धर्मशाला, 15 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। लगातार पांचवीं हार से पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर काफी निराश नजर आए। उन्होंने माना कि इस मैच में मिली हार को पचाना काफी मुश्किल है।
हालांकि, श्रेयस अय्यर ने कहा कि पंजाब किंग्स ने इस मुकाबले में शानदार लड़ाई लड़ी और यह क्रिकेट का एक शानदार मैच रहा। उन्होंने कहा, "जाहिर तौर पर इस हार को पचाना काफी मुश्किल है, लेकिन मैं यहां किसी भी परिस्थिति पर उंगली नहीं उठाना चाहता क्योंकि यह क्रिकेट का एक शानदार मैच था। बहुत अच्छा मैच था। उन्होंने (तिलक) कमाल की बल्लेबाजी की। तिलक अपने शॉट्स बहुत अच्छे से चुन रहे थे, और उन्होंने फील्ड को अच्छी तरह से समझकर खेला। इसी वजह से उन्हें श्रेय मिलना चाहिए।"
अजमतुल्लाह उमरजई ने पंजाब किंग्स की ओर से अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 38 रनों की दमदार पारी खेली। उमरजई की तूफानी पारी की तारीफ करते हुए अय्यर ने कहा, "बिल्कुल, एक समय पर हम लगभग 170 से 180 के आसपास का स्कोर देख रहे थे और वहां से उमरजई ने बस मोमेंटम को हमारी तरफ मोड़ दिया। उन्होंने जबरदस्त छक्के लगाए और उनकी बल्लेबाजी के बूते 16, 17 ओवर के बाद से हमने लय पकड़ी और 200 के टोटल तक पहुंचने में सफल रहे।"
पंजाब किंग्स को अब प्लेऑफ में पहुंचने के बाद अपने बचे हुए दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। आरसीबी के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले को लेकर अय्यर ने कहा, "जाहिर तौर पर अगले मैच के लिए उत्साहित हूं। यह दिन का मुकाबला होगा और हमको अब बचे हुए दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। अगले दो मुकाबले काफी शानदार होने वाले हैं। इन्हें खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"
धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 200 रन लगाए। पीबीकेएस की ओर से प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि उमरजई ने 38 रनों का योगदान दिया। हालांकि, मुंबई इंडियंस 201 रनों के लक्ष्य को तिलक वर्मा द्वारा खेली गई 33 गेंदों में 75 रनों की तूफानी पारी के बूते 4 विकेट खोकर 19.5 ओवर में हासिल करने में सफल रही।
--आईएएनएस
एसएम/एएस

