इस भारतीय टीम में वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता है, बहुत ज्यादा बदलाव से बचना होगा : युवराज सिंह
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह का मानना है कि भारतीय टीम में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 जीतने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि अगर टीम मैनेजमेंट बहुत ज्यादा बदलाव करने से बचे और टूर्नामेंट से कम से कम एक साल पहले 16 से 20 खिलाड़ियों का एक मजबूत कोर ग्रुप तैयार कर ले, तो भारत के खिताब जीतने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।
इस बड़े टूर्नामेंट का शेड्यूल गुरुवार को केपटाउन में जारी किया गया। साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में अब ठीक एक साल का समय बचा है। दो बार की चैंपियन भारतीय टीम ग्रुप ए में अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में टीम का सामना अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
भारत को अफगानिस्तान, क्वालीफायर ए टीम और सह-मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ भी खेलना है। टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। युवराज ने 'जियोस्टार' से कहा, "मेरी राय में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होने चाहिए, क्योंकि मुझे लगता है कि आपको वर्ल्ड कप में जाने से कम से कम एक साल पहले ही टीम तैयार कर लेनी चाहिए, क्योंकि हर पोजीशन पर अनुभव की जरूरत होती है। चाहे टॉप ऑर्डर हो या मिडिल ऑर्डर, आपके नंबर चार, पांच और छह पर खेलने वाले खिलाड़ियों को गेम टाइम मिलना चाहिए। बहुत आगे की न सोचें, क्योंकि अगर आप अभी से वर्ल्ड कप जीतने के बारे में सोचेंगे, तो आप खुद पर बहुत अधिक दबाव डालेंगे।"
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, "बस सहजता से आगे बढ़ें और पक्का करें कि आपके 16 से 20 खिलाड़ी खेलने के लिए तैयार हों। वर्ल्ड कप से पहले, टीम को तैयारी के लिए एक महीने पहले ही साउथ अफ्रीका पहुंच जाना चाहिए। इस टीम को देखते हुए मुझे पूरा यकीन है कि उनमें वर्ल्ड कप जीतने की क्षमता है।"
युवराज वनडे विश्व कप 2011 में जीत के हीरो रहे थे। युवराज के साथ-साथ विश्व विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे सुरेश रैना ने कहा कि भारत का मौजूदा खेलने का तरीका और क्वालिटी उसके प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से काफी आगे है। दोनों टीमों के बीच हुए मैच ज्यादातर एकतरफा रहे हैं, चाहे फॉर्मेट कोई भी हो। इसका सबूत यह भी है कि वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-0 का है।
उन्होंने कहा, "भारतीय टीम इस समय हर मामले में बहुत आगे है। खिलाड़ियों ने जिस तरह से सुधार किया है, जिस निडर अंदाज में वे बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनका आक्रामक खेल, मुझे नहीं लगता कि ऐसा पहले कभी हुआ है।"
रैना ने आगे कहा, "भारत-पाकिस्तान मैच से निश्चित रूप से फैंस में ज्यादा उत्साह होता है, लेकिन मुझे लगता है कि भारतीय टीम अभी कहीं ज्यादा बेहतर है। यह वर्ल्ड कप का मैच है, साउथ अफ्रीका में पाकिस्तान को भी समर्थन मिलेगा, लेकिन मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन टीम है, ऐसे तेज गेंदबाज हैं जो अच्छी रफ्तार और उछाल के साथ दबाव को अच्छे से संभाल सकते हैं। 1983, 2011 और उम्मीद है कि 2027 में भी अब तीसरा वर्ल्ड कप जीतने का समय आ गया है। टीम के साथ भारत की 1.4 अरब आबादी की शुभकामनाएं और दुआएं होंगी। मुझे लगता है कि भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच आसानी से जीत जाएगी।"
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

