Samachar Nama
×

आयरलैंड की महिला क्रिकेटर रेबेका ने स्वीकार किया 'स्वैच्छिक निलंबन', जानिए वजह

आयरलैंड की महिला क्रिकेटर रेबेका ने स्वीकार किया 'स्वैच्छिक निलंबन', जानिए वजह
आयरलैंड की महिला क्रिकेटर रेबेका ने स्वीकार किया 'स्वैच्छिक निलंबन', जानिए वजह

डबलिन, 2 नवंबर (आईएएनएस)। आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज रेबेका स्टोकेल ने डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा के उपयोग से जुड़े एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार करने के बाद 'स्वैच्छिक निलंबन' स्वीकार कर लिया है। रेबेका फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की जांच के परिणाम का इंतजार कर रही हैं।

रेबेका ने इन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़ी रिपोर्टिंग आवश्यकताओं के अनजाने में हुए उल्लंघन की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली है। हालांकि, यह उल्लंघन अनजाने में हुआ था और जिस पदार्थ का पता चला है, वह प्रदर्शन को बेहतर बनाने वाला नहीं है, फिर भी नियमों का पालन नहीं करने की गलती को स्वीकार किया है। रेबेका ने यह भी स्वीकार किया है कि उन्हें खेल से निलंबित किया जा सकता है।

आयरिश खिलाड़ी का सैंपल 23 जून को एक प्रतियोगिता के दौरान लिए गए टेस्ट में लिया गया था, और उनका निलंबन 23 अक्टूबर से प्रभावी हो गया है। आईसीसी की अनुशासनात्मक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किसी तरह की सजा या प्रतिबंध तय किया जाएगा।

आईसीसी ने सोमवार को एक बयान में कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बताया है कि आयरलैंड की बल्लेबाज रेबेका स्टोकेल को एंटी-डोपिंग नियमों के कथित उल्लंघन के बारे में सूचित किया गया है। 23 जून 2026 को एक प्रतियोगिता के दौरान लिए गए उनके सैंपल में एक 'निर्दिष्ट पदार्थ' पाया गया है। सूचना मिलने के बाद, रेबेका स्टोकेल ने नियम उल्लंघन को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने अनुशासनात्मक प्रक्रिया के नतीजे आने तक, 23 अक्टूबर 2026 से स्वेच्छा से निलंबन स्वीकार कर लिया है। जब तक यह मामला पूरी तरह सुलझ नहीं जाता, तब तक आईसीसी इस पर कोई और टिप्पणी नहीं करेगा।"

29 वनडे और 80 टी20 मैच खेल चुकीं रेबेका ने कहा कि उन्होंने अपनी गलती मान ली है और उन्हें जल्द ही वापसी की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "मैं अपनी गलती पूरी तरह स्वीकार करती हूं और जांच के नतीजे आने से पहले ही मैंने स्वेच्छा से निलंबन स्वीकार कर लिया है।"

क्रिकेट आयरलैंड की तरफ से जारी एक बयान में रेबेका ने कहा, "हालांकि इसका मेरे खेल प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन मैं समझती हूं कि एंटी-डोपिंग दिशानिर्देशों का पालन करने की जिम्मेदारी मेरी है। मुझे उम्मीद है कि मैं जल्द से जल्द आयरलैंड के लिए फिर से खेल सकूंगी।"

क्रिकेट आयरलैंड ने कहा कि वह रेबेका के साथ खड़ा है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह मामला टीम के बाकी खिलाड़ियों के लिए एक संदेश है। क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉरमेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने कहा, "हमें रेबेका के लिए बहुत दुख है और हमने इन हालात में उन्हें हर संभव मदद दी है। लेकिन, यह घटना हमारे सभी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए एक याद दिलाने वाली बात है कि एंटी-डोपिंग नियम खेल और खुद खिलाड़ियों, दोनों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। सभी खिलाड़ियों को तय मानकों और जिम्मेदारियों का पालन करना चाहिए। हम अपने खिलाड़ियों को इन बातों के बारे में लगातार जागरूक करते रहेंगे और उन्हें समझाते रहेंगे कि ये नियम क्यों महत्वपूर्ण हैं।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story