इराक पर हवाई हमलों के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को दी सतर्क रहने की सलाह
वाशिंगटन, 29 जुलाई (आईएएनएस)। इराक पर हवाई हमले के बाद अमेरिका ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बुधवार को एडवाइजरी जारी कर उन्हें इलाके के हालात पर पैनी नजर बनाए रखने को कहा है।
बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास के अनुसार, ईरान समर्थित समूहों ने इराकी क्षेत्र से इराक और क्षेत्र के अन्य स्थानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। दूतावास ने कहा कि अमेरिकी नागरिक स्थानीय मीडिया पर नजर रखें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
दूतावास ने याद दिलाया कि इराक अब भी अमेरिकी विदेश विभाग की 'लेवल-4: यात्रा न करें' (यू नॉट ट्रैवल) श्रेणी में है। एडवाइजरी में कहा गया है कि आतंकवाद, अपहरण, सशस्त्र संघर्ष, नागरिक अशांति और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की सीमित क्षमता के कारण अमेरिकी नागरिकों को किसी भी वजह से इराक की यात्रा नहीं करनी चाहिए।
दूतावास ने यह भी चेतावनी दी कि सुरक्षा स्थिति के कारण उड़ानों के संचालन में बाधा आ सकती है और पूर्व सूचना के बिना ही हवाई क्षेत्र बंद किया जा सकता है। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
अमेरिकी दूतावास ने बताया कि गैर-जरूरी कर्मचारियों की पहले से जारी वापसी प्रक्रिया के बावजूद बगदाद स्थित दूतावास अपना कामकाज जारी रखे हुए है।
सुरक्षा सलाह में अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे विरोध प्रदर्शनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूरी बना कर रखें। अपने परिवार और दोस्तों से लगातार संपर्क बनाए रखें, यात्रा संबंधी दस्तावेज तैयार रखें, मोबाइल फोन चार्ज रखें और आपातकालीन नंबर पहले से सुरक्षित कर लें।
साथ ही उन्हें स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (एसटीईपी) में पंजीकरण कराने और अमेरिकी विदेश विभाग के सुरक्षा अपडेट प्राप्त करने की भी सलाह दी गई है।
28 जुलाई 2026 की रात (स्थानीय समयानुसार) को अमेरिका और सऊदी अरब ने इराक में ईरान समर्थित लड़ाकों (पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स यानी पीएमएफ) के ठिकानों पर संयुक्त हवाई हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइल जॉर्डन की तरफ दागे जिन्हें कथित तौर पर इंटरसेप्ट कर हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
--आईएएनएस
केआर/

