Samachar Nama
×

ईरानी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, भारत-ईरान संबंधों को और मजबूत करने पर दिया जोर

ईरानी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, भारत-ईरान संबंधों को और मजबूत करने पर दिया जोर
ईरानी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, भारत-ईरान संबंधों को और मजबूत करने पर दिया जोर

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। भारत में ईरानी दूतावास ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति पेजेशकियन के संदेश को साझा किया।

ईरानी राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे और व्यापक संबंधों को और गहरा एवं विस्तारित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने भारत और ईरान के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, सभ्यतागत और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को द्विपक्षीय रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ये गहरे संबंध साझा हितों के आधार पर द्विपक्षीय रिश्तों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पेजेशकियन ने भारत के साथ व्यापक संबंधों को और मजबूत करने के लिए ईरान की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास और सम्मान के माहौल में दोनों देश अपनी मौजूदा व्यापक संभावनाओं का लाभ उठाते हुए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों के लोगों के साझा हितों को आगे बढ़ाने की दिशा में अधिक प्रभावी कदम उठा सकते हैं।

ईरानी राष्ट्रपति ने अपने संदेश में भारत की समृद्धि, प्रगति, कल्याण और निरंतर खुशहाली के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों के और मजबूत एवं समृद्ध होने की कामना की।

भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर दुनियाभर में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सऊदी अरब के जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में विशेष ‘हर घर तिरंगा’ प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें भारतीय समुदाय के सदस्यों, मेहमानों, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों और उनके परिवारों ने हिस्सा लिया तथा तिरंगे के साथ यादगार पल साझा किए।

जाम्बिया के लुसाका स्थित भारतीय उच्चायोग में तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर भारतीय प्रवासियों और भारत के जाम्बियाई मित्रों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया और बीकेजे क्विज के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

लिथुआनिया में भी बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों और भारत के लिथुआनियाई मित्रों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। भारतीय राजदूत देवेश उत्तम ने इस अवसर पर तिरंगा फहराया।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags