Samachar Nama
×

ईरानी नेतृत्व दोहरे चर‍ित्र वाला, ग‍िड़ग‍िड़ाकर बातचीत की मांग करते हैं, फ‍िर कहते हैं कि कोई चर्चा नहीं हो रही : ट्रंप

ईरानी नेतृत्व दोहरे चरित्र वाला, गिड़गिड़ाकर बातचीत की मांग करते हैं, फिर कहते हैं कि कोई चर्चा नहीं हो रही : ट्रंप
ईरानी नेतृत्व दोहरे चर‍ित्र वाला, ग‍िड़ग‍िड़ाकर बातचीत की मांग करते हैं, फ‍िर कहते हैं कि कोई चर्चा नहीं हो रही : ट्रंप

नई दिल्‍ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अमेर‍िकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से बातचीत के दावों के बीच एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। इस बार ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को 'दोहरे चरित्र वाला' बताया। ट्रंप ने कहा क‍ि वह एक तरफ तो अमेर‍िका के साथ बातचीत के ल‍िए ग‍िड़ग‍िड़ाते रहते हैं और बैठक तय होते ही खुलेआम कहते फ‍िरते हैं क‍ि कोई बातचीत नहीं हो रही है। यहां तक कि होर्मुज स्‍ट्रेट को लेकर भी बड़े-बड़े दावे करने लगते हैं।

ट्रंप ने कहा क‍ि ईरान चाहे कुछ भी दावा करता रहे, लेक‍िन यह स्‍पष्‍ट है क‍ि होर्मुज स्‍ट्रेट पर अमेरिका का न‍ियंत्रण बना हुआ है और जब तक अमेरिका नहीं चाहेगा, तब तक ईरान के पास कुछ भी नहीं पहुंचेगा।

ट्रंप ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्‍ट क‍िया, "ईरान का नेतृत्व हैरान करने वाली दोहरी बातें करता है। वे बैठक की मांग करते हैं, कुछ लोग तो कहेंगे कि वे इसके लिए 'गिड़गिड़ाते' हैं। बातचीत शुरू होती है और आगे के कई दौर तय होते हैं, लेकिन फिर वे खुलेआम और बड़े गर्व से कहते हैं कि कोई बातचीत ही नहीं हो रही, किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं चल रही, और वे सिर्फ 'ओमान' से बात कर रहे हैं।"

ट्रंप ने कहा क‍ि वे हमेशा की तरह बड़े-बड़े दावे करने लगते हैं कि होर्मुज स्‍ट्रेट पर उनका पूरी ताकत से नियंत्रण रहेगा। हकीकत यह है कि उस इलाके पर पहले से ही अमेरिकी नौसेना का पूरा नियंत्रण है और हमारी 'नाकाबंदी' या जैसा कुछ लोग कहते हैं, 'अमेरिका की स्टील की दीवार' वहां मौजूद है।

उन्‍होंने कहा क‍ि ईरान तक कुछ भी नहीं पहुंच सकता, जब तक हम ऐसा नहीं चाहते। और तब तक कुछ भी नहीं पहुंचेगा, जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता या फिर पूरी तरह आत्मसमर्पण नहीं किया जाता।

ट्रंप ने कहा क‍ि ईरान चाहे इसे माने या न माने, लेकिन हम उस समस्या का हल निकालने के लिए बातचीत कर रहे हैं, जिसे उसने दशकों से पैदा किया है। बात बिल्कुल साफ है, ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे।

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'अप्रत्यक्ष वार्ता' से जुड़े दावे को सिरे से खारिज कर दिया।

बाघेई ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "किसी प्रतिनिधि का स्वागत करने या फिर किसी को बातचीत के लिए भेजने की हमारी कोई योजना नहीं है। फिलहाल हमारी यूएस से कोई बातचीत नहीं चल रही है।"

उन्‍होंने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल की संयुक्त कार्रवाई को एक देश नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के खिलाफ करार दिया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "यह पूरे इलाके और इलाके के सभी देशों की सुरक्षा के खिलाफ जंग है।"

उन्‍होंने यह भी कहा क‍ि होर्मुज जलमार्ग के बंद होने को लेकर ईरान और ओमान के बीच मतभेद नहीं है। ईरान और ओमान के बीच चल रही बातचीत का मुख्य मकसद ही होर्मुज स्‍ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एक अस्थायी मार्ग तय करना है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags