Samachar Nama
×

होर्मुज तनाव के बीच ईरान का अमेरिका पर तंज, ‘हबीबी, ईरान आओ’ वीडियो में माइनस्वीपर गेम से दिया संदेश

होर्मुज तनाव के बीच ईरान का अमेरिका पर तंज: ‘हबीबी, ईरान आओ’ वीडियो में माइनस्वीपर गेम से दिया संदेश

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने एक वीडियो जारी कर अमेरिका पर तंज कसा है। सिएरा लियोन स्थित ईरानी दूतावास ने 35 सेकेंड का एक एनिमेटेड वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अमेरिका को संबोधित करते हुए लिखा गया- “हबीबी (अंकल सैम), ईरान आओ!”

होर्मुज स्ट्रेट के नक्शे पर दिखाया माइनस्वीपर गेम

वीडियो में होर्मुज स्ट्रेट का 3D नक्शा दिखाया गया है, जिस पर लोकप्रिय कंप्यूटर गेम ‘माइनस्वीपर’ की तरह गेम खेलते हुए दिखाया गया है। इस गेम में खिलाड़ी को छिपी हुई माइन्स से बचते हुए आगे बढ़ना होता है।ईरान ने यह वीडियो ऐसे समय जारी किया है, जब होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइन्स को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है।

समुद्री माइन्स को लेकर बढ़ा विवाद

अमेरिका का आरोप है कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइन्स बिछाने की तैयारी कर रहा था। इसी दावे के आधार पर अमेरिका ने हाल में होर्मुज के एक द्वीप पर ईरानी रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया था। अमेरिका का कहना था कि इनका इस्तेमाल समुद्र में माइन्स तैनात करने के लिए किया जा सकता था।अमेरिका ने इससे पहले होर्मुज के अंतरराष्ट्रीय जहाज मार्गों से समुद्री माइन्स हटाने की कार्रवाई की थी। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान दोबारा समुद्री माइन्स बिछाने की कोशिश करता है तो ऐसा करने वाले जहाजों और नावों को नष्ट कर दिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर कूटनीतिक वार

ईरानी दूतावास का यह वीडियो पारंपरिक कूटनीतिक बयानों से अलग सोशल मीडिया के जरिए दिया गया एक संदेश माना जा रहा है। माइनस्वीपर गेम के इस्तेमाल को होर्मुज में समुद्री माइन्स के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में शामिल है। यहां किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है।फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों की बयानबाजी और सैन्य गतिविधियों पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

Share this story

Tags