Samachar Nama
×

अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, मध्य पूर्व में सतर्क रहने की दी सलाह

अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, मध्य पूर्व में सतर्क रहने की दी सलाह
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, मध्य पूर्व में सतर्क रहने की दी सलाह

वाशिंगटन, 18 जुलाई (आईएएनएस) । ईरान और क्षेत्रीय देशों के बीच जारी सैन्य तनाव के मद्देनजर अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने लोगों से मध्य पूर्व की यात्रा पर पुनर्विचार करने और विशेष रूप से कुछ संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि मध्य पूर्व के कई हिस्सों में सुरक्षा स्थिति अभी भी अस्थिर बनी हुई है। क्षेत्र में मिसाइल हमले, ड्रोन हमले, आतंकवादी गतिविधियां जैसे खतरे बने हुए हैं।

नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे स्थानीय घटनाक्रम पर लगातार नजर रखें, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और जरूरत पड़ने पर नजदीकी अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास के संपर्क में रहें।

अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व के विभिन्न हिस्सों में सैन्य हमलों का सिलसिला जारी है। दोनों पक्षों की कार्रवाई में सैन्य ठिकानों, ऊर्जा ढांचे और होर्मुज के आसपास रणनीतिक स्थानों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं।

विभाग ने नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करने, बड़े सार्वजनिक आयोजनों और विरोध प्रदर्शनों से दूर रहने, यात्रा दस्तावेजों को अपडेट रखने और स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (एसटीईपी) में पंजीकरण कराने की सलाह दी है।

क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों के कारण कई एयरलाइंस ने मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों के लिए उड़ानें रद्द की हैं या उनके मार्ग बदले हैं। हाल के दिनों में कुछ क्षेत्रों में अस्थायी हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के बाद यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा स्थिति तेजी से बदल सकती है, जिससे वाणिज्यिक उड़ानों और सीमा पार आवाजाही पर असर पड़ सकता है।

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष को देखते हुए कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए इसी तरह की सुरक्षा चेतावनियां जारी की हैं। क्षेत्र में रहने वाले प्रवासियों, कारोबारियों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags