Samachar Nama
×

ईरान पर पाकिस्तान के रुख से यूएस में नाराजगी, सीनेटर बोले 'लादेन को छिपाने वालों हम सब देख रहे हैं'

ईरान पर पाकिस्तान के रुख से यूएस में नाराजगी, सीनेटर बोले 'लादेन को छिपाने वालों हम सब देख रहे हैं'
ईरान पर पाकिस्तान के रुख से यूएस में नाराजगी, सीनेटर बोले 'लादेन को छिपाने वालों हम सब देख रहे हैं'

वाशिंगटन, 7 जुलाई (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में पाकिस्तान की दखलअंदाजी को लेकर पहले से ही अमेरिका का एक धड़ा सशंकित है; इस बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक बयान ने नाराजगी और बढ़ा दी है। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्ला खामेनेई को 'ग्रेट स्कॉलर' और तेहरान को 'पाकिस्तान का भाई' बताने पर अमेरिकी सीनेटर रिक स्कॉट ने सख्त ऐतराज जताया है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पाकिस्तान ख्याल रखे कि हमारी उन पर पूरी नजर है।

अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर रिक स्कॉट ने एक्स पर पाकिस्तान को चेताया। शरीफ के टीवी पर प्रसारित बयान को साझा करते हुए कहा, "दुनिया को पाकिस्तान की असली पहचान नहीं भूलनी चाहिए। पाकिस्तान वही देश है, जहां अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन कई सालों तक छिपकर रहा। ये वही देश है जिसने ईशनिंदा के आरोप में ईसाइयों की हत्या की।"

इसमें आगे कहा गया कि इस्लामाबाद संभल जाए क्योंकि हम उस पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। ये लोग मध्यस्थता के योग्य नहीं हैं।

उनका यह बयान तब आया, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की तारीफ की और कहा कि पाकिस्तान हर हाल में ईरान के साथ खड़ा रहेगा।

फ्लोरिडा के सीनेटर की एक्स पर यह टिप्पणी तब आई है जब मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर की तारीफ करते हुए शहबाज शरीफ का एक वीडियो वायरल हुआ। मेमरी टीवी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में शरीफ ने खामेनेई को महान विद्वान और नेता बताया।

शरीफ इस वायरल क्लिप में खामेनेई को महान विद्वान बता रहे हैं। उन्होंने कहा, "वह एक महान विद्वान और नेता थे, जिन्होंने मजबूती, हिम्मत, सब्र और दूरदर्शिता दिखाई और पूरी लगन और अटूट निष्ठा के साथ ईरान की सेवा की। दुनिया भर के लाखों मुसलमान उन्हें याद रखेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान और ईरान भाई जैसे देश हैं और हमारे दिल एक साथ धड़कते हैं। हम साथ खड़े रहेंगे और हर हालात में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे।"

यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकी सांसदों ने पाकिस्तान की भूमिका को लेकर आशंका जाहिर की हो। ट्रंप के करीबी सहयोगी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने भी सोशल मीडिया और कांग्रेस की सुनवाई के दौरान अपनी चिंताएं जाहिर की थीं। उन्होंने मई में एक्स पोस्ट में कहा था कि पाकिस्तान भरोसे लायक मध्यस्थ नहीं है।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags