ईरान कड़े परमाणु निरीक्षण के लिए राजी, होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा : डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान परमाणु कार्यक्रम पर उच्चतम स्तर की जांच के लिए राजी हो गया है। ट्रंप ने कहा कि इसी वजह से होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा और ईरान को मानवीय सहायता के लिए सीमित आर्थिक राहत दी जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पोस्ट में कहा, ''अमेरिका की जीत को जितना हो सके उतना छोटा और महत्वहीन दिखाने की कोशिश में दिए गए झूठे बयानों और फेक न्यूज मीडिया के लगातार प्रचार के बावजूद ईरान ने पूरी तरह और बिना किसी शर्त के भविष्य में बहुत लंबे समय तक चलने वाले सर्वोच्च स्तर के परमाणु निरीक्षणों को स्वीकार कर लिया है। इससे 'परमाणु ईमानदारी' सुनिश्चित होगी।''
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर ईरान इसके लिए तैयार नहीं होता, तो आगे कोई बातचीत ही नहीं होती।
ट्रंप ने बताया कि ईरान की ओर से किए जा रहे अन्य बड़े समझौतों को देखते हुए, मैंने यह अनुमति देने का फैसला किया है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहेगा और कोई नौसैनिक नाकाबंदी नहीं होगी। हालांकि, जरूरत पड़ने पर नाकाबंदी फिर से लागू की जा सके, इसके लिए सभी जहाज अपनी जगह पर तैनात रहेंगे, लेकिन इस समय ऐसा होने की संभावना बहुत कम लगती है।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी वित्त मंत्रालय जो सीज धनराशि और प्रतिबंधों में राहत जारी कर रहा है, वह एस्क्रो खाते में रखी जाएगी, जिसका नियंत्रण अमेरिका के पास होगा। इस पैसे का उपयोग केवल खाद्य सामग्री और चिकित्सा आपूर्ति खरीदने के लिए किया जाएगा, और वह भी विशेष रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका से। इसमें हमारे महान अमेरिकी किसानों की ओर से उगाए गए मक्का, गेहूं और सोयाबीन जैसे उत्पाद शामिल होंगे।
ट्रंप ने कहा कि ये ऐसी चीजें हैं, जिनकी ईरान को बेहद जरूरत है। वहां मानवीय संकट की स्थिति है। मेरा मानना है कि बहुत देर होने से पहले अभी मदद करना जरूरी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को किसी भी प्रतिबंधों में दी जाने वाली राहत अमेरिकी खेती के प्रोडक्ट्स की खरीद से जुड़ी होगी। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच नए समझौते को लेकर जो बातचीत हो रही है, उसके तहत तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

