ईरान-इराक में युद्ध जैसी स्थिति के बीच गौतमबुद्धनगर प्रशासन की अपील, विदेश में रह रहे नागरिकों का विवरण मांगा
गौतमबुद्धनगर, 2 मार्च (आईएएनएस)। ईरान और इराक क्षेत्र में वर्तमान में उत्पन्न युद्ध एवं सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के नागरिकों के हित में एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। प्रशासन ने ऐसे सभी लोगों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है, जो इन देशों में रह रहे हैं, कार्य कर रहे हैं, यात्रा पर गए हुए हैं, वहां किसी कारणवश फंसे हुए हैं या हाल ही में वहां से भारत लौटे हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उनसे त्वरित संपर्क स्थापित करना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। मौजूदा हालात को देखते हुए किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पहले से तैयारी करना चाहता है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते समुचित कदम उठाए जा सकें।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदारी या परिचय का कोई व्यक्ति ईरान या इराक में रह रहा है अथवा हाल ही में वहां से लौटा है, तो उसका पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में संबंधित तहसील या उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में शीघ्र उपलब्ध कराएं। इसके अलावा, प्रशासन द्वारा निर्धारित अन्य माध्यमों से भी जानकारी साझा की जा सकती है।
अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि यह सूचना पूर्णतः जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से जारी की गई है। उपलब्ध कराई गई जानकारी को गोपनीय रखा जाएगा और केवल आपात स्थिति में आवश्यक समन्वय एवं सहायता के उद्देश्य से उपयोग किया जाएगा। विवरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), गौतमबुद्धनगर से मोबाइल नंबर 9870944876 पर संपर्क किया जा सकता है।
वहीं, जिला आपदा विशेषज्ञ, गौतमबुद्धनगर को मोबाइल नंबर 8145563077 पर जानकारी दी जा सकती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ नागरिकों के साथ खड़ा है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएसके

