Samachar Nama
×

आईपीएल इतिहास के 3 गेंदबाज, जिन्होंने एक ही पारी में विकेटों का 'छक्का' लगाया

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18 सीजन में अब तक सिर्फ 3 ही गेंदबाज पारी में '6 विकेट' ले सके हैं। आइए, इनके बारे में जानते हैं।
आईपीएल इतिहास के 3 गेंदबाज, जिन्होंने एक ही पारी में विकेटों का 'छक्का' लगाया

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 18 सीजन में अब तक सिर्फ 3 ही गेंदबाज पारी में '6 विकेट' ले सके हैं। आइए, इनके बारे में जानते हैं।

सोहेल तनवीर: आईपीएल मैच की एक ही पारी में 6 विकेट लेने का कारनामा सबसे पहले सोहेल तनवीर ने किया था। 4 मई 2008 को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ तनवीर ने 4 ओवरों में महज 14 रन देकर 6 विकेट निकाले थे। इस शानदार गेंदबाजी के सामने सीएसके 19 ओवरों में महज 109 रन पर सिमट गई।

इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 14.2 ओवरों में 8 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। ग्रीम स्मिथ ने नाबाद 35 रन की पारी खेली, जबकि स्वप्निल असनोदकर ने 32 रन का योगदान टीम का खाते में दिया।

एडम जांपा: 10 मई 2016 को राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से खेलते हुए जांपा ने सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 19 रन देकर 6 विकेट निकाले।

विशाखापत्तनम में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद जांपा की स्पिन गेंदबाजी के सामने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 137 रन ही बना सकी। इस पारी में शिखर धवन ने 33 रन, जबकि केन विलियम्सन ने 32 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

इसके जवाब में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स 20 ओवरों के खेल तक 8 विकेट खोकर सिर्फ 133 रन ही बना सकी। सनराइजर्स ने 4 रन के करीबी अंतर से मैच अपने नाम किया। इस पारी में जॉर्ज बेली ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 30 रन की पारी खेली, लेकिन सुपरजायंट्स को जीत नहीं दिला सके।

अल्जारी जोसेफ: मुंबई इंडियंस (एमआई) की ओर से खेलते हुए 6 अप्रैल 2019 को अल्जारी जोसेफ ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 3.4 ओवरों में महज 12 रन देकर 6 विकेट निकाले थे, जिसमें एक ओवर मेडन रहा। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के साथ मुंबई इंडियंस ने मैच 40 रन से अपने नाम किया था।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमआई ने 7 विकेट खोकर 136 रन बनाए। इस पारी में किरोन पोलार्ड ने 26 गेंदों में 46 रन की नाबाद पारी खेली। इसके जवाब में जोसेफ की धारदार गेंदबाजी के सामने सनराइजर्स हैदराबाद 17.4 ओवरों में महज 96 रन पर सिमट गई।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags