Samachar Nama
×

आईपीएल 2027: चेन्नई सुपर किंग्स ने मोहित शर्मा को सौंपी अहम जिम्मेदारी, टीम के नए बॉलिंग कोच नियुक्त

आईपीएल 2027: चेन्नई सुपर किंग्स ने मोहित शर्मा को सौंपी अहम जिम्मेदारी, टीम के नए बॉलिंग कोच नियुक्त
आईपीएल 2027: चेन्नई सुपर किंग्स ने मोहित शर्मा को सौंपी अहम जिम्मेदारी, टीम के नए बॉलिंग कोच नियुक्त

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ साथ बतौर बॉलिंग कोच जुड़ने वाले हैं। मोहित ने एक खिलाड़ी के तौर पर इस फ्रेंचाइजी के लिए चार सीजन खेले हैं।

उम्मीद है कि 38 वर्षीय मोहित शर्मा, एरिक सिमंस की जगह यह पद संभालेंगे। सिमंस ने पूर्व हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ इस पद पर काम किया था।

एक सूत्र ने मंगलवार को 'आईएएनएस' से कहा, "सीएसके के हेड कोच जहीर खान ने आईपीएल 2027 के लिए गेंदबाजी कोच के तौर पर मोहित शर्मा को शामिल करने का फैसला किया है। सीएसके के बाकी सपोर्ट स्टाफ की नियुक्तियों के बारे में आगामी हफ्तों में जानकारी मिल सकती है।"

भारत के लिए 8 टी20 मैच खेल चुके मोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 में हिस्सा लिया था। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में बतौर खिलाड़ी क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास लिया।

मोहित सीएसके ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चार सीजन में कुल 48 आईपीएल मैच खेले। इसके अलावा, मोहित अब बंद हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 के दो सीजन में टीम के लिए 10 मैच खेल चुके हैं।

मोहित फ्रेंचाइजी के सफल दौर में सीएसके टीम का हिस्सा थे और अब जहीर के नेतृत्व में टीम के नए दौर की शुरुआत के साथ उनके कोचिंग भूमिका में लौटने की उम्मीद है।

सीएसके ने साल 2023 में अपना पांचवां आईपीएल खिताब जीता था, लेकिन पिछले तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण फ्रेंचाइजी ने हाल ही में लंबे समय से हेड कोच रहे फ्लेमिंग से अलग होने का फैसला किया।

इसके बाद जहीर को नया हेड कोच नियुक्त किया गया और अब आईपीएल 2027 से पहले मोहित उनके सपोर्ट स्टाफ में शामिल होने वाले पहले बड़े सदस्य हैं। उम्मीद है कि फ्रेंचाइजी आने वाले हफ्तों में अपने सपोर्ट स्टाफ में और भी बदलाव कर सकती है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story