Samachar Nama
×

आईपीएल 2026: राशिद की फिरकी का चला जादू, जीटी ने आरआर को 77 रनों से रौंदा

जयपुर, 9 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 77 रनों से रौंदा। सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में जीटी से मिले 230 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम 16.3 ओवर में 152 रन बनाकर ऑलआउट हुई। यह आरआर की इस सीजन में पांचवीं हार है।

230 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। इस मुकाबले में टीम की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। महज 16 गेंदों में 36 रन बनाने के बाद वैभव सूर्यवंशी भी मोहम्मद सिराज की गेंद पर अरशद खान को कैच देकर पवेलियन लौटे। ध्रुव जुरेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 10 गेंदों में 24 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। शिमरोन हेटमायर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 6 रन बनाकर आउट हुए।

रवींद्र जडेजा ने 25 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शुभम दुबे 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोफ्रा आर्चर को जेसन होल्डर ने 5 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। दासुन शनाका 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए।

गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए। जेसन होल्डर ने 2.3 ओवर में महज 12 रन खर्च करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं, कगिसो रबाडा ने दो विकेट निकाले, जबकि सिराज ने एक विकेट चटकाया।

इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 229 रन लगाए। साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी निभाई। सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि गिल ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 84 रनों की दमदार पारी खेली।

वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए, तो राहुल तेवतिया ने नाबाद 14 रन बनाए। गेंदबाजी में जीटी की तरफ से बृजेश शर्मा ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले। यह जीटी की इस सीजन की सातवीं जीत है। जीटी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, हार के साथ राजस्थान रॉयल्स को एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है और टीम अब पांचवें स्थान पर आ गई है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags